Friday, October 16, 2026
Home Blog Page 11

हिमाचल बॉर्डर पर बैरिकेड्स तोड़ देहरादून की तरफ बढ़े निहंग, प्रेमनगर छावनी में तब्दील

पांवटा साहिब (न्यूज़डे नेटवर्क): कर्णप्रयाग और नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बाद पंजाब से आए निहंगों का उत्तराखंड कूच बेहद तनावपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है। हिमाचल बॉर्डर (कुल्हाल) पर पुलिस प्रशासन के रोकने और लंबी वार्ता के बाद भी स्थिति काबू में नहीं आई। देर रात निहंगों का जत्था बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन मार्ग पर पुलिस के अवरोधकों को तोड़ते हुए राजधानी देहरादून की सीमा में प्रवेश कर गया है। इसके बाद देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रेमनगर में भारी तनाव के बीच एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। सभी थानों की पुलिस फ़ोर्स बुलेट प्रूफ जैकेट व असलहों से लैस होकर मौके पर तैनात है। सड़क की एक लेन पर खनन से भरे डंपर खड़े हैं, जबकि दूसरी लेन को पुलिस बल ने पूरी तरह घेर रखा है।

पांवटा साहिब में बातचीत: पंजाब से आए निहंगों का जत्था हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब गुरुद्वारे में रुका था। सूचना मिलते ही एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, नायब तहसीलदार ग्यारुदत्त जोशी और एसपी देहात पंकज गैरोला गुरुद्वारे पहुंचे। अधिकारियों ने मत्था टेकने के बाद निहंगों से वार्ता की, लेकिन कोई ठोस हल नहीं निकल सका। बातचीत के बाद निहंगों का जत्था देहरादून के लिए रवाना हुआ, जिन्हें कुल्हाल बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगाकर रोका गया लेकिन निहंगों ने बेरिगेट तोड़कर उत्तराखंड में घुस गए!

क्यों बढ़ा विवाद? : इस पूरे तनाव के पीछे हाल ही में उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में हुई दो घटनाएं हैं।

16 जून (कर्णप्रयाग विवाद): पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और निहंगों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें तलवारों के हमले से चार स्थानीय लोग घायल हो गए थे। इस मामले में चार निहंगों को गिरफ्तार किया गया है।

नगरासू गुरुद्वारा मामला: बीते शनिवार को कुछ निहंगों ने नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब के ऊपरी हिस्से पर कब्जा कर लिया था। उनका आरोप था कि कर्णप्रयाग मामले में स्थानीय सेवादारों ने उनकी मदद नहीं की। हालांकि, मंगलवार को स्थानीय प्रशासन और पंजाब के शिष्टमंडल की मध्यस्थता के बाद गुरुद्वारे को मुक्त करा लिया गया था। निहंगों ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए उनके चार साथियों (सिंहों) को रिहा कर पंजाब भेजा जाए। जब तक उन्हें उनके साथी नहीं मिलेंगे, वे वापस नहीं लौटेंगे।

प्रशासन का आश्वासन

वार्ता के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत अगले दो-चार दिनों के भीतर गिरफ्तार निहंगों की जमानत हो जाएगी। फिलहाल बॉर्डर पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं।

नाहन नगर परिषद में टॉस से तय हुई सत्ता, कांग्रेस को मिली चेयरपर्सन की कुर्सी

नाहन (न्यूज़डे नेटवर्क): देश की दूसरी सबसे पुरानी नगर परिषद नाहन में सत्ता गठन को लेकर कई दिनों से बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। नगर परिषद के अध्यक्ष पद का फैसला इस बार राजनीतिक जोड़-तोड़ या बहुमत से नहीं, बल्कि टॉस के जरिए हुआ। किस्मत ने कांग्रेस का साथ दिया और पार्टी की उम्मीदवार उपमा धीमान नगर परिषद की नई अध्यक्ष चुनी गईं। नगर परिषद गठन के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थित खेमों के बीच संख्या बल बराबर रहा। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी के समर्थन से कांग्रेस का आंकड़ा सात तक पहुंच गया, जबकि भाजपा के पास भी सात पार्षद थे। दोनों पक्षों के 7-7 के बराबर होने के कारण अध्यक्ष पद का फैसला टॉस से करना पड़ा। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सीमा अत्री को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस की ओर से उपमा धीमान मैदान में थीं। टॉस में बाजी कांग्रेस के पक्ष में गई और उपमा धीमान को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा को सफलता मिली। भाजपा समर्थित प्रदीप सहोत्रा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस तरह नगर परिषद की सत्ता में दोनों प्रमुख दलों की भागीदारी सुनिश्चित हुई! अध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में जाने के बाद नगर परिषद की नीतियों और विकास कार्यों की प्राथमिक जिम्मेदारी अब कांग्रेस के नेतृत्व पर रहेगी। वहीं उपाध्यक्ष पद मिलने से भाजपा भी नगर परिषद की सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नाहन नगर परिषद में टॉस से हुआ यह फैसला शहर की राजनीति में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।

HRTC कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल की चेतावनी पर सरकार हुई सख्त, छह माह के लिए हड़ताल पर लगाई रोक

शिमला, 23 जून (कपिल शर्मा): हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की किसी भी प्रकार की हड़ताल पर अगले छह माह के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। सरकार ने अपने आदेश में कहा है कि राज्य में सार्वजनिक सड़क परिवहन सेवाओं का सुचारू संचालन यात्रियों की आवाजाही, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, कानून-व्यवस्था और जनहित बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में परिवहन सेवाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है ! अधिसूचना में उल्लेख किया गया है कि सरकार को सूचना मिली है कि परिवहन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों द्वारा हड़ताल, कार्य बहिष्कार, सामूहिक अवकाश, गो-स्लो आंदोलन अथवा अन्य किसी प्रकार की गतिविधि की संभावना है, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश आवश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम (ESMA), 1972 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए राज्य सरकार ने HRTC तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की हड़ताल पर छह माह तक रोक लगाने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार कोई भी कर्मचारी हड़ताल शुरू नहीं कर सकेगा, उसमें भाग नहीं ले सकेगा और न ही किसी प्रकार से उसे बढ़ावा देगा। इसके अलावा परिवहन सेवाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली किसी भी गतिविधि पर भी प्रतिबंध रहेगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचना का उल्लंघन कर की गई किसी भी हड़ताल को अवैध माना जाएगा तथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ ESMA के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने HRTC प्रबंधन को आदेशों के सख्त पालन के निर्देश दिए हैं, जबकि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को भी अधिसूचना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा गया है। यह अधिसूचना अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आर.डी. नज़ीम द्वारा जारी की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

पांवटा साहिब में 7.62 ग्राम स्मैक के साथ शिलाई क्षेत्र का युवक गिरफ्तार

पांवटा साहिब, 21 जून (कपिल शर्मा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। स्पेशल डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम ने एक युवक को 7.62 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम गश्त के दौरान क्षेत्र में मादक पदार्थों से संबंधित गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बांगरन चौक के पास स्मैक एवं हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बांगरन चौक पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान अरुण पुत्र बंसी राम, निवासी गांव च्यूमू, डाकघर मिलाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में बताई। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.62 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एस॰पी सिरमौर एन॰एस नेगी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी उक्त मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों को सप्लाई करने की योजना बना रहा था। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भी जांच जारी है।

गिरिपार के अंबोण गांव में गैस सिलेंडर फटा, बड़ा हादसा टला

पांवटा साहिब, 20 जून : गिरिपार क्षेत्र की चांदनी पंचायत के अंबोण गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए और मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे से ठीक पहले परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार यह घटना अंबोण गांव निवासी अतर सिंह के घर में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर में गैस रिसाव की आवाज आने के बाद परिवार ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत घर खाली कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण घर की दीवारों में दरारें आ गईं, खिड़कियों के शीशे टूट गए और रसोई सहित घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। सिलेंडर के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में मदद की। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First