Friday, October 9, 2026

52वीं राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी के लिए सिरमौर के ट्रायल संपन्न, खिलाड़ियों के हक को लेकर संघ ने उठाई आवाज..

- Advertisement -

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब, (कपिल शर्मा) 

हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित 52वीं राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता के लिए सिरमौर जिला स्तरीय लड़के एवं लड़कियों के ट्रायल बुधवार को गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। ट्रायल में जिलेभर से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने चयन के लिए अपना दमखम दिखाया। जिला कबड्डी एसोसिएशन के अनुसार, ट्रायल अंडर-20 आयु वर्ग में आयोजित किए गए। चयन प्रक्रिया के दौरान लड़कों के लिए अधिकतम 75 किलोग्राम तथा लड़कियों के लिए 65 किलोग्राम वजन सीमा निर्धारित की गई थी। चयन समिति द्वारा प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी ठाकुर सतीश कपूर ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की सूची जल्द जारी की जाएगी।ट्रायल के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में सिरमौर जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा और प्रदेश मीडिया प्रभारी सतीश कपूर ने कबड्डी खिलाड़ियों और खेल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले हिमाचल के कबड्डी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। संघ ने घोषणा की कि एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में सिरमौर जिले में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की तिथि और स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी। संघ का कहना है कि ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पदक विजेता खिलाड़ी को सम्मान राशि से बाहर रखने पर जताई नाराजगी

प्रेस वार्ता में संघ पदाधिकारियों ने एक पदक विजेता खिलाड़ी का नाम सम्मान राशि की सूची में शामिल नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया। जिला अध्यक्ष कुलदीप राणा ने इसे खिलाड़ियों के साथ अन्याय बताते हुए प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि संबंधित खिलाड़ी का नाम सम्मान राशि की सूची में शामिल कर उसे उसका अधिकार दिया जाए। कुलदीप राणा और सतीश कपूर ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश के लिए मेहनत कर पदक हासिल किए हैं, इसलिए उनके सम्मान और अधिकारों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कबड्डी संघ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।कुलदीप राणा ने कहा कि सिरमौर कबड्डी संघ प्रदेश के खिलाड़ियों के हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा और पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Advertisements

Live Tv

न्यू अपडेट
राशिफल
लाइव स्कोर
आज का मौसम

अन्य खबरे

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First