पांवटा साहिब, 21 जून (कपिल शर्मा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। स्पेशल डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम ने एक युवक को 7.62 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम गश्त के दौरान क्षेत्र में मादक पदार्थों से संबंधित गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बांगरन चौक के पास स्मैक एवं हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बांगरन चौक पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान अरुण पुत्र बंसी राम, निवासी गांव च्यूमू, डाकघर मिलाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में बताई। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.62 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एस॰पी सिरमौर एन॰एस नेगी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी उक्त मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों को सप्लाई करने की योजना बना रहा था। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भी जांच जारी है।


