Wednesday, June 24, 2026
Home Blog Page 12

साई विद्या निकेतन स्कूल श्यामपुर में चोरी, नकदी व CCTV कैमरे ले उड़े चोर

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब:- उपमंडल पांवटा साहिब के श्यामपुर स्थित साई विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बीती रात चोरी की वारदात हुई। देर रात लगभग 1 बजकर 25 मिनट पर एक युवक स्कूल में घुस आया और नगदी के साथ एचडी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे व अन्य सामान चुरा ले गया।चोरी की घटना स्कूल के ही कैमरों में कैद हो गई है। इस संबंध में स्कूल की प्रधानाचार्य ने पुलिस चौकी सिंहपुरा (थाना पुरुवाला) में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। उसने प्रिंसिपल ऑफिस की खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोरी में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल स्कूल प्रबंधन चोरी गए सामान का आंकलन कर रहा है उनके प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 80 हजार रुपये से अधिक की नगदी गायब है। साथ ही स्कूल संबंधी कई दस्तावेजों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है।

उद्योग मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के जन्मदिन पर शिलाई में रक्तदान शिविर, 61 यूनिट रक्त एकत्रित

न्यूज़डे नेटवर्क/शिलाई: उद्योग मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को शिलाई विश्राम गृह में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिलाई मंडल कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर में ब्लड बैंक नाहन की विशेष टीम मौजूद रही, जिसने रक्तदाताओं से रक्त संग्रहण किया। इस दौरान कुल 61 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिलाई मंडल अध्यक्ष सीता राम शर्मा ने कहा कि उद्योग मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन लगातार जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय है और आज का यह शिविर भी उसी दिशा में एक सार्थक कदम है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर अतर राणा ,मीडिया कोऑर्डिनेटर सुनील, राजेश राणा, दिनेश सिंगटा, शशि कपूर, रविंद्र राणा, दलीप सिंगटा, बीडीसी सदस्य प्रियंका, रेणु बाला सहित कांग्रेस कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आरटीआई एक्टिविस्ट फेडरेशन की बैठक, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब, आरटीआई एक्टिविस्ट फेडरेशन, पांवटा साहिब की मासिक बैठक शनिवार को फेडरेशन कार्यालय में अध्यक्ष चतर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की जानकारी देते हुए महासचिव विजय कुमार ने बताया कि नगर परिषद पांवटा साहिब द्वारा लगाए जा रहे हाउस टैक्स की स्पष्ट जानकारी के लिए दायर की गई आरटीआई का कोई संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ। इसके खिलाफ अपील एसडीएम पांवटा साहिब के समक्ष कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे डिवाइडर पर फूल-पौधे लगाने के संबंध में भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी को पत्र भेजा जा रहा है। इसके अलावा बी.आर. एग्रो टेक, काला अंब में पोल लगाने संबंधी मामले पर चर्चा हुई। विजय कुमार ने बताया कि यहां 20 पोल लगाए जाने का एस्टिमेट था, लेकिन वास्तव में 43 पोल लगाए गए। अतिरिक्त पोलों के बारे में पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इस मामले की शिकायत चतर सिंह द्वारा सीएम हेल्पलाइन में की गई थी, जिसे आगे चीफ इंजीनियर को भेज दिया गया। उन्होंने जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की थी, परंतु अब तक कमेटी द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं हुई है। महासचिव ने कहा कि यदि उचित स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो अगली बैठक में इस पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में अध्यक्ष चतर सिंह, उपाध्यक्ष टी.सी. गुप्ता, महासचिव विजय कुमार, कोऑर्डिनेटर अरविन्द गोयल, वित्त सचिव विजय गोयल, शांति स्वरूप गुप्ता, सरीता गर्ग, मीलाराम व हरशरण शर्मा उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव 04 से 06 अक्तूबर तक किया जाएगा आयोजित

पांवटा साहिब 11 सितम्बर- उपमंडलाधिकारी कार्यलय पांवटा साहिब के सभागार में आज एसडीएम गुंजित सिंह चीमा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव के सफल आयोजन के संदर्भ में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान गुंजित चीमा ने बताया कि इस वर्ष राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव 04 अक्तूबर से 06 अक्तूबर 2025 तक पांवटा साहिब में भव्य एवं परम्परागत ढंग से आयोजित किया जायेगा।  इस बैठक में यमुना शरद् महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से चर्चा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया।

उन्होंने बताया कि मेले में उच्च स्तर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि मेले के मुख्य आकर्षणों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित खेलकूद प्रतियोगितायें भी शामिल रहेंगी। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियाँ भी लगायी जाएंगी। गुंजीत चीमा ने बताया कि मेले में स्वयं सहायता समूह की सदस्यों द्वारा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियां भी लगाने का निर्णय लिया गया है ताकि महिलाओं को अपने उत्पाद के विक्रय का उचित मंच मिल सके। इस अवसर पर यमुना शरद् महोत्सव के आयोजन को स्मरणीय बनाने के लिए स्मारिका भी प्रकाशित की जायेगी।
इस अवसर पर वन मण्डल अधिकारी वेद प्रकाश, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, बीएमओ के एल भगत, बीडीओ विकास बंसल, ईओएमसी कंचन बाला, सीडीपीओ संतोष गुप्ता तथा अध्यक्ष चेंबर ऑफ़ कॉमर्स सतीश गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

गिरि नदी में बहे अध्यापक का शव बरामद

पांवटा साहिब (सिरमौर): उपमंडल पांवटा साहिब के ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा के अंतर्गत आर.जे. क्रेशर शामपुर, मानपुर देवड़ा, पटवार वृत गौरखुवाला क्षेत्र से लापता हुए अध्यापक रूपलाल का शव वीरवार को बरामद कर लिया गया।

रूपलाल कल सतोन के पास गिरि नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गया था। इसके बाद से उनकी लगातार तलाश की जा रही थी। आज उनका शव बरामद कर लिया गया जिसकी शिनाख्त हो चुकी है।मामले की पुष्टि नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश ठाकुर ने की है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

सतौन में गिरि नदी से दो दिन बाद गाय का सफल रेस्क्यू

सतौन (सिरमौर): सतौन के समीप गिरि नदी में दो दिन से फंसी एक गाय को प्रशासनिक व स्थानीय प्रयासों से वीरवार को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया।

पत्रकार संजय कंवर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाय नदी के तेज बहाव के बीच फंस गई थी और लगातार दो दिनों से बाहर निकलने में असमर्थ थी। जैसे ही उनके द्वारा घटना की सूचना मिली, प्रशासन हरकत में आया और पुलिस, गोताखोरों की टीम, पशुपालन विभाग तथा स्थानीय युवाओं की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि नदी का बहाव तेज था, लेकिन टीम ने हिम्मत नहीं हारी। करीब दो दिन के लगातार प्रयासों के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन, पुलिस, गोताखोरों, पशुपालन विभाग और युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह सबके सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि बेसहारा पशु की जान बचाई जा सकी।

सतौन : गिरी नदी में बहा निजी स्कूल का अध्यापक, तलाश जारी

न्यूज़डे नेटवर्क/पाँवटा साहिब: उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत सतौन क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जब गिरी नदी पार करते हुए एक निजी स्कूल का अध्यापक तेज बहाव में बह गया। मिली जानकारी के अनुसार रुपलाल (36) पुत्र मुन्नुराम, निवासी ठक्कर गवाना, बुधवार को ड्यूटी पूरी कर KVN स्कूल चांदनी से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे वह गिरी नदी को पार कर रहे थे कि अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि उन्हें आखिरी बार सडयार क्षेत्र में बहते हुए देखा गया।

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया गया। सतौन पुल पर गोताखोर टीम भी तैनात कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस व प्रशासन की टीम नदी किनारे मौजूद है और लापता अध्यापक की तलाश जारी है।

गुरुद्वारा श्री पाँवटा साहिब में सर्वधर्म सर्व समाज की बैठक सम्पन्, आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु समिति का गठन

न्यूज़डे नेटवर्क/पाँवटा साहिब: आज गुरुद्वारा श्री पाँवटा साहिब में सर्वधर्म सर्व समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता गुरुद्वारा श्री पाँवटा साहिब के अध्यक्ष सरदार हरभजन सिंह जी ने की।

इस बैठक में सर्वसम्मति से एक नई संस्था के गठन का निर्णय लिया गया, जो हर वर्ष आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु कार्य करेगी। संस्था का संकल्प है कि पीड़ित परिवारों को उनकी ज़रूरतों के अनुसार सहयोग प्रदान किया जाएगा और जब तक वे आत्मनिर्भर नहीं हो जाते, तब तक उन्हें संस्था से निरंतर सहायता मिलती रहेगी।

बैठक में निर्णय के अनुसार, यह संस्था हिमाचल वह पंजाब में एक-एक गांव को गोद लेकर वहां की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति इस संस्था द्वारा की जाएगी। इस उद्देश्य के लिए एक चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें नुसरत अली, हरजीत सिंह फौजी, जीवन सिंह फौजी और गुरविंदर सिंह गोपी शामिल हैं। यह कमेटी मौके पर जाकर संभावित गांवों का चयन करेगी जिस पर अंतिम निर्णय आगामी बैठक में लिया जाएगा, जो 21 सितम्बर 2025 को गुरुद्वारा साहिब कैंटीन हाल में आयोजित होगी।

सर्वसम्मति से संगठन का नाम “पाँवटा साहिब साध संगत सेवा समिति” रखा गया। प्रारंभिक रूप से 15 सदस्यीय संचालन समिति गठित की गई है, जिसके अधीन 51 सदस्यीय कार्यकारिणी कार्य करेगी जिनके नाम आगामी दिनों में घोषित कर दिए जाएंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से सरदार हरभजन सिंह को समिति का अध्यक्ष चुना गया। साथ ही निम्नलिखित सदस्यों को भी मनोनीत किया गया है जिसमें सरदार तरसेम सिंह सगी, गुलजार सिंह निहालगढ़, नरेंद्रपाल सिंह सहोटा, हरप्रीत सिंह खालसा, डॉ. रोहताश नागिया, इंदरजीत मीका, मनीष तोमर, मौलाना कबीरूदीन फरहान, परविंदर बिट्टू, कमलजीत, वरिंदर सिंह खालसा, भूपिंदर सिंह, जीवन सिंह फौजी और हरजीत सिंह। यह समिति आने वाले समय में समाज सेवा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

गिरिपार क्षेत्र के भटनोल गांव के कल्याण ठाकुर को मिली सब इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति..

शिलाई: गिरिपार क्षेत्र शिलाई के भटनोल गांव निवासी कल्याण ठाकुर ने कड़ी मेहनत और लगन से पुलिस विभाग में नया मुकाम हासिल किया है। हाल ही में उन्हें सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिली। इस अवसर पर शिमला के एसएसपी संजीव गांधी ने उनके कंधों पर अतिरिक्त स्टार लगाकर सम्मानित किया।

संघर्षों से भरा बचपन

कल्याण ठाकुर का बचपन साधारण परिवेश और काफ़ी संघर्षों में बीता। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा और करियर में कभी समझौता नहीं किया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई से हुई। पढ़ाई के साथ ही वे शुरू से ही खेलों में अग्रिम थे। वह अनुशासित और मेहनती स्वभाव के रहे, जिसने उन्हें पुलिस विभाग तक पहुँचने की प्रेरणा दी।

पुलिस सेवा की शुरुआत

कल्याण ठाकुर वर्ष 1991-92 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए। शुरुआती दौर में उन्होंने कई क्षेत्रों में सेवाएँ दीं, लेकिन उनकी असली पहचान साइबर क्राइम विभाग में बनी। यहाँ उन्होंने कई जटिल और पेचीदा मामलों को सुलझाया और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। जिसके लिए हिमाचल के डीजीपी द्वारा उन्हें डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके साथ ही वे आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने में भी सक्रिय रहे।

परिवार और क्षेत्र का गौरव

कल्याण चौहान के छोटे भाई जेपी ठाकुर भी पुलिस विभाग में सेवाएँ दे रहे हैं। दोनों भाइयों का पुलिस सेवा में योगदान क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। भटनोल जैसे छोटे से गाँव से निकलकर पुलिस विभाग में यह उपलब्धि हासिल करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

कल्याण ठाकुर का कहना है कि यह सफलता केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे विभाग, परिवार और क्षेत्र की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनता की सेवा करते रहेंगे और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

विकास खंड शिलाई की ग्राम पंचायत मिल्लाह की प्रधान को पद से हटाने के आदेश डीसी सिरमौर ने किए जारी

शिलाई : उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने विकास खंड शिलाई की ग्राम पंचायत मिल्लाह की प्रधान देबो देवी को कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही उन्हें छह वर्ष की अवधि तक पंचायत पदाधिकारी के रूप में निर्वाचित होने के लिए अयोग्य भी घोषित किया गया है।

उपायुक्त ने आदेश दिए हैं कि प्रधान द्वारा दुरुपयोग की गई ₹4,70,471 की धनराशि तुरंत पंचायत निधि खाते में जमा करवाई जाए। इसके अलावा ग्राम पंचायत मिल्लाह की नकद राशि, अभिलेख, स्टोर/स्टॉक का सामान व प्रधान पद की मोहर भी तत्काल पंचायत सचिव को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

सिरमौर एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी ने किया श्रेष्ठ शिक्षकों व छात्रों का सम्मान

पांवटा साहिब। सिरमौर एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर द स्कॉलर्स होम स्कूल में भव्य समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि एस.डी.एम. पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा रहे, जबकि विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, निदेशक व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद 15 शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया। सम्मानित शिक्षकों में रीता देवी, सुरक्षा, शिखा बंसल, शैलजा कुमारी, मीनाक्षी सैनी, रीना शर्मा, रविंदर कौर रैना, अंकिता शर्मा, स्वाति, अनिरुद्ध पराशर, जितेन्द्र कौर, अनीता नोडियाल, अनीता देवी, शीतल चौधरी और आंचल शामिल रहे।

इसी प्रकार विभिन्न विद्यालयों के 24 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। अंत में समिति अध्यक्ष नत्थी मल वर्मा ने सभी का धन्यवाद किया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान से हुआ।

पांवटा साहिब अस्पताल में लगेगी नई सीटी स्कैन व फेको मशीन, कांग्रेस नेता मनीष तोमर ने जताया आभार

पांवटा साहिब। स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने वाली है। अब सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भी अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन और फेको मशीन उपलब्ध होंगी। मशीनें स्थापित होने के बाद मरीजों को जांच और उपचार के लिए बड़े अस्पतालों या अन्य जिलों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में हाल ही में उच्च स्तरीय क्रय समिति की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश के 34 स्वास्थ्य संस्थानों के लिए नई सीटी स्कैन मशीनें खरीदने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने बताया कि खरीद प्रक्रिया अगले तीन महीनों में पूरी कर दी जाएगी और दिसंबर तक प्रदेश की जनता को इन सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

सीटी स्कैन मशीनें पांवटा साहिब, राजगढ़, नालागढ़, मंडी, बिलासपुर, कुल्लू, सोलन, ऊना सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख अस्पतालों में लगाई जाएंगी। इनके स्थापित होने से मरीजों को निकटवर्ती स्थानों पर ही आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके साथ ही आंखों की सर्जरी के लिए पांच फेको मशीनें भी खरीदी गई हैं। इनमें से एक मशीन पांवटा साहिब अस्पताल में लगाई जाएगी। यह सुविधा उपलब्ध होने से मोतियाबिंद सहित आंखों के कई रोगों का उपचार अब यहीं स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा।
भेला पंचायत के प्रधान व स्थानीय कांग्रेस नेता मनीष तोमर ने कहा कि पांवटा साहिब अस्पताल को अत्याधुनिक सीटी स्कैन और फेको मशीन मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस सुविधा के लिए उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री वह उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपदा-प्रभावित प्रदेश की आर्थिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, बावजूद इसके प्रदेश सरकार जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नई मशीनों के लगने से क्षेत्र के मरीजों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नजदीक ही मिलेंगी और उन्हें बाहरी राज्यों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First