पांवटा साहिब, 20 जून : गिरिपार क्षेत्र की चांदनी पंचायत के अंबोण गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए और मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे से ठीक पहले परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार यह घटना अंबोण गांव निवासी अतर सिंह के घर में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर में गैस रिसाव की आवाज आने के बाद परिवार ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत घर खाली कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण घर की दीवारों में दरारें आ गईं, खिड़कियों के शीशे टूट गए और रसोई सहित घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। सिलेंडर के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में मदद की। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।


