नाहन, 25 सितंबर (न्यूज़डे नेटवर्क): सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की जांच को आगे बढ़ाते हुए पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र तरनतारन से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में इस नेटवर्क की कड़ियां पाकिस्तान सीमा तक जुड़ती सामने आई हैं। पूछताछ में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से नशे की खेप भारत पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल 2026 को कालाअम्ब पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टा बरामद कर आकाशदीप और रणजीत को गिरफ्तार किया था। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक गंधर्व थापर को पंचकूला से हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो चिट्टे की सप्लाई की कड़ी पंजाब के तरनतारन क्षेत्र से जुड़ती चली गई।जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 17 मई 2026 को वीरेंद्र पाल को तरनतारन से गिरफ्तार किया। पूछताछ में नशे की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच शुरू की। जांच के दौरान उमर बीर सिंह का नाम सामने आने पर थाना कालाअम्ब के एसएचओ कुलवंत सिंह कंवर की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। जांच में साइबर सैल सिरमौर को भी शामिल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट के आधार पर लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उमर बीर सिंह को पाकिस्तान सीमा के समीप तरनतारन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा नशे की सप्लाई की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि सीमा पार से पहुंचने वाली नशे की खेप को आगे किन माध्यमों से सप्लाई किया जाता था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
सरकारी अस्पताल के सामने अवैध अतिक्रमण पर चला नगर परिषद का पीला पंजा
पांवटा साहिब, 25 सितंबर (कपिल शर्मा ): पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल के सामने लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर परिषद की टीम ने जेई मुकेश की अगुवाई में मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से हटाया और अतिक्रमण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। जानकारी के अनुसार अस्पताल के सामने कुछ लोगों द्वारा काफी समय से अस्थायी तौर पर दुकान लगाकर जगह का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद धीरे-धीरे वहां शेड का निर्माण कर उसे पक्का रूप दिया गया। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। नगर परिषद की कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया गया। नगर परिषद के जेई मुकेश ने बताया कि संबंधित स्थान पर कई वर्षों से अतिक्रमण किया जा रहा था। शुरुआत में यहां अस्थायी दुकान बनाई गई थी, जिसे बाद में शेड लगाकर धीरे-धीरे पक्का कर दिया गया।उन्होंने कहा कि शहर में सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और शहर को व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर परिषद की ओर से आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन माह में सीबीएसई स्कूलों में 2,000 शिक्षकों की नियुक्ति, मुख्यमंत्री ने अर्की में राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन समारोह में की कई घोषणाएं
सोलन, न्यूज़डे नेटवर्क । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के अर्की में राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन समारोह में प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में अगले तीन माह के भीतर 2,000 और शिक्षकों की नियुक्ति करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का चयन योग्यता के आधार पर और बिना किसी सिफारिश के किया जा रहा है। प्रत्येक सीबीएसई स्कूल में पांच से आठ शिक्षक पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी स्कूलों में सीबीएसई शिक्षा महंगी है, इसलिए सरकार सरकारी स्कूलों में भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कम खर्च में उपलब्ध करवाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने दिग्गल, भूमती और जय नगर के स्कूलों को सीबीएसई स्कूलों में परिवर्तित करने की घोषणा भी की। स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में पुराने उपकरणों के स्थान पर आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है। सरकार ने हाल ही में 200 चिकित्सकों की भर्ती की है और शीघ्र 228 और चिकित्सकों की भर्ती की जाएगी। अर्की में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि और अदरक को न्यूनतम समर्थन मूल्य व्यवस्था में शामिल करने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ उपलब्ध करवाना है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने से लगभग 3,000 करोड़ रुपये की बचत हुई है। उनके अनुसार इन संसाधनों का उपयोग विधवाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सरकार के कार्यकाल में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में भूमि आवंटन को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि ऐसे मामलों की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कुनिहार-सारमा, मांगू-मलावण, जाबल-जय नगर, भूमती-डाडल-पिपलूघाट तथा कोहू-भियूंकरी वाया सौर सड़कों की मरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने शिमला-धैना बस सेवा बहाल करने तथा अर्की में कौशल विकास केंद्र खोलने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी और हरदीप सिंह बावा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
छोटे गांव से उद्यमिता की बड़ी उड़ान, 20 लीटर दूध से 800 लीटर दूध प्रतिदिन पहुंचा कारोबार
शिमला, 20 सितंबर (न्यूज़डे नेटवर्क) : विकास खंड छौहारा के थाना (जांगला) क्षेत्र की कविता शर्मा ने मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता के बल पर ग्रामीण क्षेत्र में सफल दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। अक्टूबर 2025 में महज 20 लीटर प्रतिदिन दूध के प्रसंस्करण से शुरू हुआ उनका उद्यम आज करीब 800 लीटर प्रतिदिन दूध का प्रसंस्करण कर रहा है। इकाई में घी, पनीर, दही और मक्खन सहित विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
कविता शर्मा वर्ष 2020 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सरस मेले, दिल्ली हाट, अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल और स्थानीय मेलों में उत्पादों के स्टॉल लगाने के दौरान उन्हें ग्राहकों से सीधे संवाद करने और बाजार की मांग, गुणवत्ता, पैकेजिंग व विपणन की समझ हासिल करने का अवसर मिला। इसी अनुभव ने उन्हें अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। अक्टूबर 2025 में एसएचजी नंदला के माध्यम से उन्होंने दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद प्रसंस्करण इकाई शुरू की। सीमित संसाधनों के कारण शुरुआत छोटी थी, लेकिन प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (PMFME) के तहत मिली 7 लाख रुपये की वित्तीय सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनरी और उपकरण स्थापित किए। इससे इकाई की प्रसंस्करण क्षमता और उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हुआ।कविता शर्मा ने उत्पादों का बाजार तैयार करने के लिए स्वयं दुकान-दुकान जाकर संपर्क किया। निरंतर प्रयासों से उनके उत्पादों की पहुंच रोहड़ू, चिड़गांव और जुब्बल सहित आसपास के बाजारों तक बनी है। वर्तमान में उद्यम का अनुमानित वार्षिक कारोबार करीब 70 लाख रुपये है।
इस उद्यम से क्षेत्र की 100 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादकों को नियमित बाजार मिला है। इन महिलाओं से खरीदे जाने वाले दूध के एवज में करीब 7 लाख रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा है। वहीं, दो स्थानीय महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार भी मिला है। कविता शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और PMFME योजना से मिले सहयोग ने उनके उद्यम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की मांग अधिक है और आने वाले समय में उत्पादन क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
सतौन में चिट्टा मुक्त एवं सड़क सुरक्षा अभियान, एसपी ने वाहन चालकों को दिया नियमों के पालन का संदेश
पांवटा साहिब, (न्यूज़डे नेटवर्क ): रोड सेफ्टी क्लब पांवटा साहिब की ओर से रविवार को शिलाई विधानसभा के प्रवेश द्वार सतौन में चिट्टा मुक्त एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की अपील की। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि ट्रक चालक देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चालकों को अपने वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं नियमानुसार रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान पांच ट्रक चालकों ने रोड सेफ्टी क्लब की सदस्यता भी ग्रहण की। कार्यक्रम में मंच संचालक प्रेम तोमर की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करवाया गया। क्लब अध्यक्ष भजन चौधरी ने मुख्यातिथि एसपी निश्चिंत सिंह नेगी का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी गीतों पर नाटी की प्रस्तुति भी दी गई, जिसका उपस्थित लोगों ने आनंद लिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, पंचायत प्रधान पंकज, ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए वाहन चालक मौजूद रहे!


