Friday, October 16, 2026
Home Blog Page 5

16 सितंबर को पांवटा साहिब से शिलाई तक बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, सुबह 9 से शाम 7 बजे तक कट..

न्यूजडे नेटवर्क/ पांवटा साहिब 

पांवटा साहिब से लेकर शिलाई क्षेत्र तक रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना है। विद्युत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार 16 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह शटडाउन गिरिनगर पावर हाउस से संबंधित विद्युत लाइन पर आवश्यक कार्य के चलते लिया जा रहा है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार 132 केवी गिरिनगर फीडर (गिरिनगर सब-स्टेशन से आपूर्ति) को निर्धारित समय के दौरान बंद रखा जाएगा। इसके चलते पांवटा साहिब के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शिलाई क्षेत्र तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। बिजली कट से पूरा पांवटा साहिब, रामपुरघाट, देवीनगर, शुभखेड़ा, भेड़ेवाला, बद्रीपुर, पुरुवाला, सतौन और शिलाई समेत इनसे जुड़े आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विद्युत संबंधी कार्य पहले ही निपटा लें और बिजली आपूर्ति बहाल होने तक सहयोग बनाए रखें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित शटडाउन के कारण उपभोक्ताओं को असुविधा हो सकती है।

सिरमौर: सांप के डसने से 14 वर्षीय किशोरी की तबीयत बिगड़ी, पांवटा सिविल अस्पताल में उपचार जारी..

न्यूजडे नेटवर्क/ पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र में सांप के डसने से 14 वर्षीय किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजन घबराए बिना उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किशोरी की जांच कर तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल रहा, हालांकि समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकीय उपचार मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। चिकित्सकों की टीम किशोरी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सिरमौर के पांवटा और शिलाई कॉलेज में नई PTA कार्यकारिणियां गठित, विद्यार्थियों के हित में मिलकर होगा काम..

न्यूज़डे नेटवर्क/ सिरमौर

राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब और राजकीय महाविद्यालय शिलाई में सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ (PTA) की आम सभा आयोजित कर नई कार्यकारिणियों का गठन किया गया। दोनों महाविद्यालयों में प्राध्यापकों, अभिभावकों और PTA सदस्यों ने भाग लिया। बैठकों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, अनुशासन और नियमित उपस्थिति सहित कॉलेज के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी पर चर्चा हुई। राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में पिछले माह कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित हुई आम सभा इस बार पर्याप्त सदस्यों की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने पिछली कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू करवाई। सर्वसम्मति से श्यामलाल पुंडीर को अध्यक्ष, महेंद्र कपूर को उपाध्यक्ष, डॉ. सुशील तोमर को सचिव, प्रवेश कुमार को संयुक्त सचिव और रूप सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं मोहन तोमर, नियति ठाकुर, प्रो. विमी रानी, प्रो. अमिता जोशी और प्रो. कमलेश शर्मा को PTA सदस्य बनाया गया।

नवनिर्वाचित PTA अध्यक्ष श्यामलाल पुंडीर ने कॉलेज प्रशासन, स्टाफ और PTA सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि PTA कॉलेज के विकास, कल्याण और विद्यार्थियों के हित में प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेगी। उन्होंने प्रोफेशनल कोर्स करने वाले विद्यार्थियों के लिए बेहतर प्लेसमेंट व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस संबंध में सरकार के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा। वहीं आम सभा के बाद प्राचार्य कार्यालय में PTA की पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें कॉलेज के विकास और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।राजकीय महाविद्यालय शिलाई में कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज की अध्यक्षता में PTA का गठन किया गया। इसमें यशवंत नेगी को अध्यक्ष, चमेल सिंह को उपाध्यक्ष, प्रो. ए.आर. ठाकुर को सचिव, कुलदीप नेगी को सलाहकार और रतन छिंटा को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के हित में कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों के साथ समन्वय से कार्य करने का आश्वासन दिया। दोनों कॉलेजों में पदाधिकारियों ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक संघ विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगा और कॉलेज के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

 

पंचायत बैठक में सदस्यों को बाहर निकालने का आरोप, प्रधान के खिलाफ शिकायत..

न्यूजडे नेटवर्क/ पांवटा साहिब (कपिल शर्मा)

ग्राम पंचायत गोरखूवाला के छह निर्वाचित वार्ड सदस्यों ने पंचायत प्रधान सुरेखा चौधरी के खिलाफ कथित तौर पर बदतमीजी करने और पंचायत बैठक से बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी है। सदस्यों ने मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में वार्ड सदस्यों ने बताया कि 9 सितंबर को ग्राम पंचायत भवन में प्रधान व सचिव की ओर से महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के प्रचार को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इसमें पंचायत के निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे और उनकी उपस्थिति पंचायत रजिस्टर में दर्ज होने का दावा किया गया है। सदस्यों के अनुसार कंपनी के प्रचार कार्यक्रम के समापन के बाद उन्होंने प्रधान से वार्डवार धनराशि के आवंटन और पंचायत में उपलब्ध बजट की जानकारी मांगी।

आरोप है कि इस दौरान प्रधान ने सदस्यों के साथ कथित तौर पर बदतमीजी की और उन्हें सभागार से बाहर जाने के लिए कहा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे भविष्य में पंचायत की बैठकों में पेश नहीं होंगे और पंचायत के बजट से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी नहीं मांग सकते। शिकायत में कहा गया है कि प्रधान का यह व्यवहार निर्वाचित पंचायत सदस्यों को अपमानित करने वाला है। सदस्यों ने दावा किया कि पूरी घटना के दौरान बीडीसी सदस्य कृष्णा राय भी मौके पर मौजूद थे।शिकायतकर्ताओं ठाकुर दास, रजनीश बंसल, मीरा देवी, देवेंद्र सिंह, जगदीश और आशा देवी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर पंचायत प्रधान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। वही पंचायत प्रधान सुलेखा चौधरी ने पंचायत सदस्यों के सभी आरोपों का खंडन किया।

पांवटा साहिब में नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में अज्ञात युवक पर मामला दर्ज

पांवटा साहिब (न्यूज़डे नेटवर्क): पांवटा साहिब में एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर ले जाने और सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते बच्ची की मां विकासनगर गई हुई थी और शाम करीब सात बजे घर लौटी। घर पहुंचने पर उसे बेटी और बेटा घर पर नहीं मिले। पति से पूछने पर पता चला कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं। रात करीब 10 बजे बेटा घर लौटा तो उसने बताया कि उसकी बहन उसके साथ थी, लेकिन गुरुद्वारा ग्राउंड के पास से वह अचानक गायब हो गई। बच्ची की तलाश के दौरान तीन युवकों ने पुलिस को सूचना दी कि यमुनाविहार वार्ड नंबर-5 स्थित खेड़ा मंदिर के पास खेतों में एक बच्ची मदद के लिए चिल्ला रही थी। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति बच्ची को पकड़े हुए था। युवकों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी मोटरसाइकिल वहीं रह गई, जिसे युवकों ने बच्ची के साथ पुलिस थाना पहुंचाया। पुलिस के समक्ष बच्ची ने बताया कि वह पांवटा साहिब के मुख्य गुरुद्वारा के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे अपनी पत्नी से मिलाने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। आरोप है कि युवक उसे अस्पताल के पास वाली सड़क से खेड़ा मंदिर के समीप सुनसान स्थान पर ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच थाना पांवटा साहिब की पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपी की तलाश और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First