पांवटा साहिब, 19 अप्रैल (कपिल शर्मा): जिला सिरमौर के थाना माजरा क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक परचून की दुकान से प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई उपमंडल पांवटा साहिब की स्पेशल डिटेक्शन टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोलर गांव निवासी तपेन्द्र सिंह (52) अपनी दुकान में अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेच रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दुकान पर छापेमारी की। रेड के दौरान दुकान से एक गत्ते की पेटी में रखे प्रॉक्सियोहम-स्पास ब्रांड के कुल 29 स्ट्रिप्स (प्रत्येक में 24 कैप्सूल) यानी कुल 696 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 40,000 रुपये नकद भी बरामद हुए। आरोपी पुलिस को किसी प्रकार का लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका इस संबंध में थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिरमौर ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


