सिरमौर (कपिल शर्मा): हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ट्रैकिंग स्थल चूड़धार के घने जंगलों में नौहराधार क्षेत्र का एक युवक पिछले एक सप्ताह से लापता है। युवक के अचानक गायब होने से उसके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है ! जानकारी के अनुसार नौहराधार के भगाड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय ज्ञान सिंह पुंडीर गत 12 जून को चूड़धार यात्रा के लिए घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों को आशंका है कि चूड़धार के घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच वह रास्ता भटक गया होगा। संभावना जताई जा रही है कि वह मुख्य ट्रैक छोड़कर कुपवी, बुरभल, रोहड़ू अथवा उत्तराखंड सीमा से सटे जंगलों की ओर निकल गया हो। युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों तथा आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की। स्थानीय ग्रामीणों ने भी खोज अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, परिवार की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं और उनके सामने अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है तथा संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि ज्ञान सिंह इससे पहले भी इसी वर्ष फरवरी माह में लापता हो गया था। उस समय पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद उसे जिला सोलन से सकुशल बरामद कर लिया था। इस बीच परिवार ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। परिजनों ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति ज्ञान सिंह पुंडीर के बारे में कोई ठोस जानकारी देगा या उसके संबंध में महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध करवाएगा, उसे 10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि चूड़धार क्षेत्र का जंगल काफी विस्तृत और दुर्गम है, ऐसे में प्रशासन को बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाने की आवश्यकता है ताकि युवक को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढा जा सके। पूरे क्षेत्र के लोग युवक के सकुशल घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।


