Friday, October 16, 2026
Home Blog Page 13

रमेश्वर शर्मा बने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) सिरमौर के गैर-सरकारी सदस्य

पांवटा साहिब/सतौन। जिला सिरमौर के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व शिलाई क्षेत्र के सतौन निवासी रमेश्वर शर्मा को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) सिरमौर का गैर-सरकारी सदस्य नियुक्त किया है। परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति दो वर्षों के लिए की गई है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में रमेश्वर शर्मा को जिला सिरमौर की क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण में नामित किया गया है। प्राधिकरण सड़क परिवहन, यात्री एवं मालवाहक वाहनों के परमिट, यातायात प्रबंधन तथा परिवहन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय लेने का कार्य करती है। सतौन क्षेत्र से संबंध रखने वाले रमेश्वर शर्मा की नियुक्ति को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और क्षेत्र की समस्याओं की समझ से परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को भी प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गैर-सरकारी सदस्य के रूप में रमेश्वर शर्मा का कार्यकाल नियुक्ति की तिथि से दो वर्ष रहेगा। इस दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन नियमों के तहत निर्धारित यात्रा एवं ठहराव भत्ते की सुविधा भी मिलेगी। रमेश्वर शर्मा की इस नियुक्ति पर क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

पंचायत चुनाव के बाद बढ़ा विवाद, युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज

पांवटा साहिब, 31 मई (कपिल शर्मा): पंचायत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपजे एक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। थाना पुरुवाला क्षेत्र में आने वाले गांव ज्वालापुर के एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उपरोक्त व्यक्ति की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में सुखदेव सिंह (उम्र 38) निवासी गांव ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़ ने बताया कि 30 मई को पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इस दौरान वह रास्ते में अपने घर के समीप स्थित तिलक राज चौधरी के पी.जी में कुछ समय के लिए बैठ गया। आरोप है कि इसी दौरान तिलक राज वहां हाथ में डंडा लेकर पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने सुखदेव सिंह के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में शिकायतकर्ता को चोटें आई हैं। मामले की शिकायत मिलने पर थाना पुरुवाला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है! एस.पी. सिरमौर ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

शिलाई विकास खंड की 12 पंचायतों के परिणाम घोषित

पांवटा साहिब, 31 मई (कपिल शर्मा): हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई है। विकास खंड शिलाई की 12 ग्राम पंचायतों में हुए मतदान के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। निर्वाचन परिणामों के अनुसार विभिन्न पंचायतों में नए प्रधान और उप-प्रधान चुने गए हैं।

ग्राम पंचायत रास्त से उमा देवी प्रधान तथा गोविन्द उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं। ग्राम पंचायत कोटी बौंच से गंगा राम प्रधान और कल्याण सिंह उप-प्रधान चुने गए हैं। ग्राम पंचायत शखौली में कोशल्या देवी प्रधान तथा अर्जुन उप-प्रधान बने हैं।

ग्राम पंचायत लोजा मानल से प्रदीप सिंह प्रधान और रामानन्द उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं। ग्राम पंचायत बाली कोटी में कमला प्रधान तथा बलदेव सिंह उप-प्रधान चुने गए हैं। ग्राम पंचायत शिरी क्यारी से सीमा देवी प्रधान और जागर सिंह उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं। ग्राम पंचायत सियासू में तनिषा तोमर प्रधान तथा सिया राम उप-प्रधान बने हैं। ग्राम पंचायत मानल से अनीता देवी प्रधान और वीरेंदर उप-प्रधान चुने गए हैं। ग्राम पंचायत अश्याडी में जगत राम प्रधान तथा भरतु सिंह उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार ग्राम पंचायत मिल्लाह से बिजमा देवी प्रधान और बिशन सिंह उप-प्रधान चुने गए हैं। ग्राम पंचायत बिन्डला दिगवा में इंदिरा देवी प्रधान तथा रणदीप सिंह उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं। ग्राम पंचायत कोटा पाब से बलदेव सिंह प्रधान और तपेन्द्र सिंह उप-प्रधान बने हैं। तीसरे चरण के परिणामों के साथ ही शिलाई विकास खंड की सभी पंचायतों में नए जनप्रतिनिधियों का चयन हो गया है। अब नवनिर्वाचित प्रधान एवं उप-प्रधान पंचायतों में विकास कार्यों और जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

शिलाई में दो अलग-अलग सड़क हादसे, महिला की मौत, 10 घायल बोलेरो कैम्पर सड़क से नीचे गिरी, एक महिला ने तोड़ा दम, उत्तरी में कार-स्कूटी टक्कर में दंपती घायल

पांवटा साहिब, 29 (कपिल शर्मा) : जिला सिरमौर के शिलाई थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला हादसा टिम्बी-कुराया मार्ग पर उस समय पेश आया, जब बोलेरो कैम्पर (एच.पी.-62-3397) टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। चढ़ाई वाले हिस्से में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में इन्द्र सिंह पुत्र सजनू, तारा देवी पत्नी इन्द्र सिंह, जीत सिंह पुत्र भोलर सिंह, लीला देवी पत्नी जीत सिंह निवासी गांव सताहन डाकघर सांगना तहसील संगड़ाह, केसो देवी पत्नी स्व. सुंदर सिंह, विनोद पुत्र इन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र अमर सिंह, शकुन्तला देवी पत्नी रघुवीर सिंह और कर्ण पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव कुराया डाकघर क्यारी गुंडाह तहसील शिलाई सवार थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल शकुन्तला देवी, जीत सिंह और कर्ण को उपचार के लिए पांवटा साहिब भेजा गया, जबकि इन्द्र सिंह, तारा देवी, केसो देवी, विनोद, कुलदीप सिंह और लीला देवी को सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने लीला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य आठ घायलों का उपचार किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो कैम्पर चालक कुलदीप सिंह द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। इस संबंध में पुलिस थाना शिलाई में धारा 281, 125 व 106 बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज किया गया है।

कार और स्कूटी की टक्कर में पति-पत्नी घायल

दूसरा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर उत्तरी के समीप पेश आया। पुलिस के अनुसार बोबी शर्मा पत्नी अतर सिंह निवासी गांव भाटगढ़, डाकघर पवान, तहसील चौपाल, जिला शिमला अपने पति अतर सिंह, भतीजे सुमित शर्मा और बच्चों शिवांश शर्मा व अनिरुद्ध शर्मा के साथ कार (एच.पी.-08बी-3777) में पांवटा साहिब की ओर जा रही थीं। जब वाहन उत्तरी के समीप पहुंचा तो पांवटा साहिब की ओर से आ रही स्कूटी (एच.पी.-17जे-1105) कथित रूप से तेज रफ्तारी और गलत दिशा में चलती हुई कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कूटी चालक राकेश पुत्र शूपा राम और उसके पीछे बैठी पत्नी पूजा देवी निवासी गांव बौंच घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 281 तथा 125 (ए) बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस दोनों सड़क हादसों के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

96 वर्षीय हर्षों देवी ने चौथी पीढ़ी संग किया मतदान, एसडीएम शिलाई ने पहुंचाया बूथ तक

पांवटा साहिब , 26 मई (कपिल शर्मा): पंचायत चुनाव के लिए हो रहे मतदान में मंगलवार को शिलाई गांव की 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला हर्षों देवी ने उत्साहपूर्वक मतदान कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की। खास बात यह रही कि हर्षों देवी अपनी चौथी पीढ़ी के साथ मतदान करने मतदान केंद्र शिलाई, बूथ नंबर-4 पहुंचीं।

उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान को लेकर उनके उत्साह और जागरूकता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उप मंडलाधिकारी शिलाई जसपाल सिंह ने बुजुर्ग महिला के मतदान के प्रति उत्साह देखते हुए उन्हें ख़ुद ही सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया उन्होंने हर्षों देवी के जज्बे की सराहना की। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि हर्षों देवी हमेशा लोकतंत्र में भागीदारी को अपना कर्तव्य मानती हैं और हर चुनाव में मतदान करती रही हैं। हर्षों देवी ने मतदान के बाद लोगों से भी अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर नागरिक का मतदान करना बेहद जरूरी है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First