Friday, October 16, 2026
Home Blog Page 9

बद्दी में बड़ी कार्रवाई: रिहायशी मकान से 29,990 नशीली गोलियां और 206 दवा की शीशियां बरामद

सोलन: बद्दी पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुरुमाजरा (बोरीवाला), तहसील बद्दी स्थित एक रिहायशी मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं।संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान से 29,990 गोलियां और 206 दवा की शीशियां बरामद कीं। मौके पर मौजूद संजय खान, निवासी गांव एवं डाकघर गुरुमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन, बरामद दवाइयों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, खरीद बिल या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद ड्रग विभाग ने नियमानुसार सभी बरामद दवाइयों को अपने कब्जे में लेकर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है! बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करी या अवैध दवाइयों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस बद्दी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

15 जुलाई को पांवटा साहिब व शिलाई में 9 घंटे का बिजली संकट, 132 केवी लाइन शटडाउन से ठप रहेगी आपूर्ति

पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्र के लोगों को 15 जुलाई (बुधवार) को लंबे बिजली कट का सामना करना पड़ेगा। गिरि नगर से आने वाली 132 केवी विद्युत लाइन पर आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते विभाग ने सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक शटडाउन घोषित किया है। इस दौरान पूरे पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। करीब नौ घंटे तक बिजली गुल रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों, छोटे उद्योगों और अन्य दैनिक कार्यों पर भी असर पड़ सकता है। भीषण गर्मी के बीच लंबे बिजली कट से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी। हालांकि, लोगों का कहना है कि लंबे शटडाउन से पहले से प्रभावित दिनचर्या पर और अधिक असर पड़ेगा।

स्मार्ट मीटर में बिल फुल, बिजली गुल! पांवटा से शिलाई तक बिजली की आंख-मिचौली, गर्मी से लोग बेहाल

पांवटा साहिब, 14 जुलाई। पांवटा साहिब से लेकर शिलाई क्षेत्र तक बीते 24 घंटों के दौरान बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर बिजली की आंख-मिचौली के चलते लोगों की नींद हराम रही, जबकि उमस भरी गर्मी ने हालात और अधिक मुश्किल बना दिए। पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके अनुरूप बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही। लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटने से आमजन का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। सोमवार रात बिजली के आने-जाने का सिलसिला पूरी रात जारी रहा, जिससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात और गर्मी के इस मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। बार-बार बिजली कटने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ छोटे कारोबार और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि तकनीकी खामियों को जल्द दूर कर व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार की परेशानी से राहत मिल सके ! क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब उपभोक्ताओं से समय पर और बढ़े हुए बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, तो उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलना भी उनका अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बिजली बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

सिरमौर में 31 अगस्त तक पहाड़ी कटान पर पूर्ण प्रतिबंध, उपायुक्त प्रियंका वर्मा के आदेश

पांवटा साहिब, 9 जुलाई (कपिल): : मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) सिरमौर की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने जिले में निजी विकास कार्यों, निर्माण गतिविधियों तथा अन्य गैर-आवश्यक कार्यों के लिए किए जाने वाले सभी प्रकार के पहाड़ी कटान (हिल कटिंग) पर तत्काल प्रभाव से 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। जारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2023 और 2025 में भारी बारिश, बादल फटने तथा फ्लैश फ्लड जैसी घटनाओं से जिला सिरमौर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ था। वहीं वर्तमान मानसून के दौरान भी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) समय-समय पर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर रहा है तथा जिले में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनजीवन, आवासीय क्षेत्रों, महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं और जिले के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 एवं 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, आपदा शमन, आपदा से क्षतिग्रस्त अवसंरचना की बहाली तथा सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े कार्य इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।जिला प्रशासन ने सभी विभागों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम जनता से भी मानसून के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षा उपाय अपनाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

ऑरेंज अलर्ट के चलते पांवटा साहिब उपमंडल के सभी सरकारी व निजी स्कूल 10 जुलाई को रहेंगे बंद

पांवटा साहिब, 9 जुलाई (कपिल शर्मा): मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जिला सिरमौर सहित हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए पांवटा साहिब उपमंडल प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पांवटा साहिब द्विज गोयल (आईएएस) ने आदेश जारी करते हुए 10 जुलाई (शुक्रवार) को उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल, हाई एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र, प्ले स्कूल तथा अन्य सभी शिक्षण संस्थान शुक्रवार को बंद रहेंगे। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत लिया गया है। हालांकि, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रशासनिक अथवा आपातकालीन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार उपलब्ध रहेंगे। एसडीएम द्विज गोयल ने आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First