न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में बुधवार को कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (सीएससीए) 2026-27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान मुख्य अतिथि रहे। समारोह में सीएससीए अध्यक्षा रुपाक्षी अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुष्का, महासचिव तरनजीत कौर और संयुक्त सचिव रोहन पुंडीर सहित 17 विभागीय प्रतिनिधियों, 9 कक्षा प्रतिनिधियों और विभिन्न गतिविधियों के 12 प्रतिनिधियों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई गई। मुख्य चार पदाधिकारियों को प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने शपथ दिलाई, जबकि अन्य प्रतिनिधियों को वरिष्ठ प्राध्यापकों ने शपथ दिलाई।
प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता के साथ महाविद्यालय के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। सीएससीए अध्यक्षा रुपाक्षी अग्रवाल ने कहा कि नई टीम विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जबकि विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा विद्यार्थियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गान हुआ। शपथ ग्रहण के बाद सीएससीए पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, महाविद्यालय की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर डॉ. ध्यान सिंह तोमर, प्रो. विम्मी रानी, प्रो. उत्तमा पांडे, प्रो. मंदीप गांधी, प्रो. अमिता जोशी, प्रो. जसवंत सैनी, प्रो. दीपाली भंडारी सहित अन्य प्राध्यापक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


