पांवटा साहिब (न्यूज़डे नेटवर्क): पांवटा साहिब-शिलाई एनएच 707 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब पिकअप वाहन के पीछे से बाइक टकरा गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सिविल अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकी मृतक की पहचान विकेश (26) पुत्र रंगीलाल निवासी मालगी, राजबन के रूप में हुई है, जबकि घायल गौरव (18) निवासी सिरमौरी ताल बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हादसा किशनकोट के पास राजबन क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप से पीछे की ओर टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में विकेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायल गौरव को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।


