न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब, कपिल शर्मा
नशे के खिलाफ जागरूकता और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से जंग प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण का बुधवार को नगर परिषद मैदान पांवटा साहिब में आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की 53 टीमें हिस्सा ले रही हैं। शुभारंभ अवसर पर एडीसी सिरमौर एकता कापटा मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, पूर्व विधायक किरनेश जंग और जिला परिषद सदस्य अरिकेश जंग तहसीलदार पांवटा साहिब मस्त राम भारद्वाज मौजूद रहे। डे नाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 7 से 18 अक्तूबर तक चलेगी। आयोजकों ने सभी टीमों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा है और खिलाड़ियों को खेल किट भी उपलब्ध करवाई गई है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए अन्य पुरस्कार भी रखे गए हैं।आयोजक एवं जिला परिषद सदस्य अरिकेश जंग ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें खेल मैदान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क प्रवेश और किट उपलब्ध करवाकर अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। एडीसी सिरमौर एकता कापटा ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों में अधिक भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


