पांवटा साहिब, (न्यूज़डे नेटवर्क): औद्योगिक क्षेत्र रामपुर घाट स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई नैन मेड साइंस फार्मा ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर घाट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से बारहवीं तक के करीब 681 विद्यार्थियों को निःशुल्क शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। कंपनी की ओर से विद्यार्थियों को सर्दियों के मौसम को देखते हुए गर्म स्वेटर, स्कूल बैग, जूते, जुराबें, बिस्कुट, चिप्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी और पंजाबी गिद्दा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी हरप्रीत सिंह पुरी, CEO एवं MD मनमीत सिंह मल्होत्रा, निदेशक बलजीत सिंह गोराया, सुनील वशिष्ठ और धीरज शर्मा सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मल्होत्रा एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों को दी गई वार्षिक छात्रवृत्ति रही। प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1,000 से 12,000 रुपये तक छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी राधिका और आकाश को 5,000-5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को भी 500 रुपये देकर सम्मानित किया गया। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।


