शिलाई (न्यूज़डे नेटवर्क): सिरमौर पुलिस ने शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार खजान सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर के आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड़, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को सुबह करीब 7:20 बजे रविन्द्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी और पीछे बैठे खजान सिंह मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। बाद में हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद मिला और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की गोली बरामद हुई। खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने डीएसपी मान्वेद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया। SFSL जुन्गा की टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। SIT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी विनोद ने अपनी बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने की रंजिश के चलते कथित तौर पर सोची-समझी साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शिलाई की माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।


