पांवटा साहिब, 28 अक्तूबर (कपिल शर्मा ): पांवटा साहिब के शुभ खेड़ा में आज तड़के करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राले के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और न ही किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। यदि बेकाबू ट्राला पास स्थित रिहायशी मकानों की ओर चला जाता, तो सुबह-सुबह बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
नंबर प्लेट गायब होने से बढ़ा संदेह
हादसे के बाद ट्राले की नंबर प्लेट को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त ट्राले के पिछले हिस्से पर नंबर प्लेट दिखाई नहीं दी या उसे इस तरह छिपाया गया था कि उसकी पहचान करना मुश्किल था।
भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग
इस घटना ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों की गति और यातायात नियमों की अनदेखी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है लोगों ने संबंधित अधिकारियों से यैसे मामलो की जांच करवाने, ट्रालो की पहचान सुनिश्चित करने और नंबर प्लेट से संबंधित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।


