न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब (कपिल शर्मा )
ज्ञान चंद गोयल धर्मशाला, तारुवाला में दून पहाड़ी संगठन से जुड़े दो अलग-अलग संगठनों की बैठकें आयोजित की गईं। एक ओर देवभूमि दून पहाड़ी संगठन का पद ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर दून पहाड़ी संगठन पांवटा साहिब की आम बैठक में संगठन की गतिविधियों, आय-व्यय के विवरण और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। दोनों कार्यक्रमों में पहाड़ी समाज की एकता, आपसी सहयोग तथा संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। देवभूमि दून पहाड़ी संगठन का पद ग्रहण समारोह संगठन के संरक्षक जेलदार दिनेश तोमर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। नवरात्र के पावन अवसर पर दीप प्रज्वलित कर आदिशक्ति मां दुर्गा एवं मां सरस्वती का आह्वान किया गया। इसके बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह में जगदीश तोमर को अध्यक्ष, मामराज ठाकुर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मस्त राम शर्मा को महासचिव तथा लाल सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष और सचिव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आगामी तीन वर्षों की योजनाओं और लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, पहाड़ी समाज के लोगों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने तथा सामाजिक हितों के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
दूसरी ओर, दून पहाड़ी संगठन पांवटा साहिब की आम बैठक में भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन
इसी धर्मशाला में दून पहाड़ी संगठन पांवटा साहिब की आम बैठक सेवानिवृत्त कैप्टन नारायण सिंह बिरसांटा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मार्केटिंग कमेटी सिरमौर के पूर्व अध्यक्ष मदन सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। महासचिव राजेंद्र चौहान ने स्वागत भाषण के साथ संगठन के उद्देश्यों की जानकारी दी। इसके बाद कुन्दन शर्मा ने पिछले तीन वर्षों में संगठन की ओर से किए गए कार्यों, उपलब्धियों और आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। बैठक में कमलदीप शर्मा, भीम सिंह चौहान, दिनेश शास्त्री, सेवानिवृत्त कैप्टन मामराज चौहान, प्रताप शर्मा, रामलाल हांडा, वीरेंद्र चौहान, रविंद्र ठाकुर एडवोकेट और अनिल तोमर सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। वक्ताओं ने संगठन की एकता, मजबूती और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उपस्थित सदस्यों ने पांवटा साहिब में रहने वाले पहाड़ी समाज के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने तथा पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। रामलाल शर्मा और मदन सिंह नेगी ने संगठन की ओर से किए गए कार्यों की सराहना की। आम बैठक में सर्वसम्मति से सलाहकार परिषद एवं अनुशासन समिति का गठन किया गया। इसमें मदन नेगी, देवेंद्र वर्मा, अतर सिंह नेगी, मनीष राणा, राजेंद्र नेगी, चंदन शर्मा, दीपचंद शर्मा, जगमोहन सूर्या, सहीराम ठाकुर, रमेश चौहान, जगदीश शर्मा, रामलाल शर्मा, आचार्य रामदत्त शर्मा, जीत सिंह बिरसांटा और मोहिराम शर्मा को शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त 25 सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है, जिनके पदों का आवंटन बाद में किया जाएगा। बैठक के समापन पर अध्यक्ष नारायण सिंह बिरसांटा ने पांवटा साहिब में रहने वाले पहाड़ी समाज के सभी लोगों के सहयोग से संगठन को मजबूत बनाने तथा जरूरत के समय हर संभव मदद के लिए साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। दोनों आयोजनों में पहाड़ी समाज के हितों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता प्रमुखता से सामने आई।


