पांवटा साहिब, 09 अक्तूबर (कपिल): पांवटा साहिब के Y-पॉइंट पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में साइकिल सवार 49 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। एक कार ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान के शटर से दो बार टकरा गई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल महिला की पहचान अनुराधा (49), पुत्री हरदयाल चौधरी, निवासी हिरपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। इसके बाद अनियंत्रित कार दुकान के शटर से जा टकराई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए देहरादून स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


