पांवटा साहिब, 20 अगस्त (कपिल शर्मा): विश्वकर्मा चौक के पास बीते दिन हुई व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिए गए एक युवक और युवती को आज मेडिकल करवाने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने का प्रयास करेगी। बता दें कि तड़के करीब दो बजे विश्वकर्मा चौक पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला था। उसकी गर्दन से तेज रक्तस्राव हो रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और दिनभर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने शाम के समय मुहम्मद आमिर और रेखा नामक युवक-युवती को हिरासत में लिया था। आज दोनों का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला। अब पुलिस पूछताछ के माध्यम से हत्या के पीछे के कारण, वारदात में उनकी कथित भूमिका और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को सामने लाने में जुटी है।


