पांवटा साहिब उपमंडल के क्यारदा क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर महावीर जिम के समीप हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना माजरा को रात करीब 12:30 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना ट्रक चालक मनीष कुमार पुत्र जोगिन्द्र, निवासी गांव जोहड़ों, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब द्वारा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि एक व्यक्ति सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सिर, मुंह, कान, पेट और एड़ी पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घायल की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया! प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। एस॰पी सिरमौर एन॰एस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना माजरा में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन एवं चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी जारी हैं।


