Sunday, March 1, 2026
Home Blog Page 9

पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में मनाया गया उपमंडल स्तरीय 79 वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह

पांवटा साहिब 15 अगस्त- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में उपमंडल स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बतौर मुख्यातिथि उपमंडल अधिकारी पाँवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने ध्वजा-रोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली।

इससे पूर्व एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी गुंजीत चीमा ने संबोधित करते हुए सभी लोगो को 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 1947 के इसी दिन हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लाल किले पर तिरंगा फहराकर देश को आज़ादी का अहसास दिलाया था। उन्होंने कहा यह दिन हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना हमें स्वतंत्र भारत का तोहफ़ा दिया। उन्होंने कहा कि हम अपने वीर सैनिकों और उनके परिवारों को भी सलाम करते हैं, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। उनकी हिम्मत और त्याग के कारण ही हम आज़ादी के साथ सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज, जब हम अपनी आज़ादी के 79वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, यह ज़रूरी है कि हम याद रखें कि हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता है। उन्होंने कहा कि भाषा, धर्म, जाति या क्षेत्र कोई भी हो, हम सभी भारत माता की संतान हैं, हमें इस विविधता को कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास सरकार की योजनाओं के साथ-साथ हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव होता है। उन्होंने कहा स्वच्छता अभियान में शामिल होना, पौधारोपण करना, ट्रैफिक नियमों का पालन करना ये छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं। जब हर घर और हर मोहल्ला जागरूक होगा, तभी हमारा नगर सच में आदर्श नगर बन पाएगा।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हमने अंतरिक्ष में चंद्रयान भेजा, खेलों में नए कीर्तिमान बनाए, शिक्षा और उद्योग में नई ऊंचाइयों को छुआ। इन उपलब्धियों में हर शहर, हर गांव और हर व्यक्ति का योगदान है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब में भी हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने शहर को और बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत उपमंडल कार्यालय में एक विशेष रजिस्टर रखा गया है, जिसमें कोई भी नागरिक अपने या अपने परिवार का योगदान दर्ज कर सकता है ताकि मिलकर विकास की एक सकारात्मक कहानी लिखी जा सकें। उन्होंने कहा कुछ चुनौतियां भी हमारे सामने हैं, जैसे पर्यावरण की रक्षा, स्वच्छता बनाए रखना, यातायात और पार्किंग की समस्या का हल करना, और आपसी भाईचारे को मजबूत करना। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब, गुरु की नगरी है यहां का माहौल हमेशा प्रेम, एकता और समझदारी का उदाहरण रहा है। उन्होंने सभी से मिल-जुल कर रहने तथा इस परंपरा को और मजबूत बनाने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि अपने सपनों को ऊँचा रखें, लेकिन अपने कर्म को धरातल से जोड़े रखें। उन्होंने कहा युवा तकनीक, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से केवल अपना नहीं बल्कि पूरे समाज का भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। खेल, कला और विज्ञान में जोश और मेहनत से पांवटा साहिब का नाम रोशन करें।उन्होंने कुछ पंक्तियों के माध्यम से सभी को मिल जुलकर रहने का संदेश दिया।“त्याग, सेवा और प्रेम से, बढ़े नगर की शान,पांवटा की धरती पे, खिले अमन के फूल महान।”

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्यातिथि द्वारा पांवटा साहिब क्षेत्र में धरातल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने मार्चपास्ट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, असगर अली निदेशक जोगिंद्रा बैंक, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया सहित नगर पालिका परिषद के पार्षद तथा कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला, राजेन्द्र तिवारी अध्यक्ष हिमोत्कर्ष जिला सिरमौर, प्रधान व्यपार मण्डल अनिंदर सिह नोटी व विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा अध्यापक मौजूद रहे ।

एनएच 707 पर कच्ची डांग के पास सड़क फिर धसना शुरू

न्यूज़डे नेटवर्क :-पाँवटा साहिब शिलाई एनएच-707 की हालत बरसात में जर्जर हो रही है। सड़क चौड़ीकरण के चलते हल्की बारिश में भी जगह-जगह मलबा गिरने से है घंटों मार्ग बंद हो जाता है , जबकि सतोंन के पास कच्ची ढांक में लगातार धंसान का सिलसिला अब भी जारी है। इस कारण यहां सफर करना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। वर्ष 2019 और 2020 में भी इसी स्थान पर सड़क ध्वस्त हो चुकी थी, लेकिन विभाग और सरकार कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाई। पड़ाही क्षेत्र में पानी जमा होने और रिसाव की वजह से सड़क का धंसना और तेज हो गया है। वाहन चालकों को रोजाना यहां खतरनाक परिस्थितियों में सफर करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द कार्यवाही कर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 6 पद तथा आंगनवाड़ी सहायिकाओं के 15 पदों पर निकली भर्ती

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब, 13 अगस्त। बाल विकास परियोजना अधिकारी पांवटा साहिब संतोष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 6 पदों तथा आंगनवाड़ी सहायिकाओं के 15 पद भरे जाने है, जिसके लिए पात्र महिला उम्मीदवार सादे कागज पर वांछित सत्यापित दस्तावेजों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब में 01 सितंबर, 2025 सायं 5.00 बजे तक आवेदन कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार 10 सितंबर 2025 को प्रातः 10.00 बजे उप मण्डल अधिकारी (ना०) पांवटा साहिब के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। जिसके लिए अभ्यार्थी चयन प्रक्रिया से सम्बन्धित प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों की मूल प्रति सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों। इस सम्वन्ध में अलग से व्यक्तिगत बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे और न ही किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय होगा।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के दुगाना पंचायत में दुगाना-02, कमरउ पंचायत में पारलो सुकारा, सालबाला पंचायत में पुरूवाला, भाटांवाली पंचायत में भाटांवाली-01, मिश्रवाला पंचायत में मिश्रवाला-3 तथा भनेत हल्द्ववाडी पंचायत के भनेत डाबरा सहित 6 पद भरे जाने है। जबकि आंगनवाड़ी सहायिकाओं के भाटांवाली पंचायत में किशनपुरा-01, कठवाड पंचायत में कठवाड-01, कठवाड-02 तथा उधोग, अम्बोया पंचायत में अम्बोया-02, बद्रीपुर पंचायत में बद्रीपुर-01, शिल्ला पंचायत में जाजला, कांडो कांसर पंचायत में डबरोग, बहराल पंचायत में बहराल-01,
कलाथा बढाणा पंचायत में कलाथा-01 व बेलघार, माशू पंचायत में माशू-02, नगरपालिका पांवटा साहिब में बार्ड न0 5-1, रामपुर भारापुर पंचायत में रामपुर-1 तथा सखोली पंचायत के लोहागो सहित 16 पद भरे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका हेतु प्रार्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 रखी गई है, जबकि उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवार को नियमानुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे, प्रार्थी की आयु 18 से 35 वर्ष, परिवार की वार्षिक आय 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए, आवेदक हिमाचल की स्थाई निवासी व उसी आंगनवाड़ी संग्रहण क्षेत्र की सामान्य निवासी होनी चाहिए तथा सम्बन्धित आंगनवाड़ी केन्द्र के सर्वेक्षण रजिस्टर में उसका नाम दर्ज होना चाहिए। इस आशय का प्रमाण- पत्र सम्बन्धित कार्यकर्ता द्वारा जारी व संबंधित पर्यवेक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित करवाकर आवेदन पत्र के साथ प्रस्तुत करना होगा।

20 जुलाई को पांवटा साहिब वह शिलाई क्षेत्र में दिनभर बिजली रहेगी बाधित

न्यूज़डे नेटवर्क/पाँवटा साहिब:- हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के पांवटा साहिब मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगामी 20 जुलाई 2025 (रविवार) को पांवटा साहिब सहित आसपास के कई क्षेत्रों में दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वरिष्ठ अधिशासी अभियंता श्री अंशुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 220 केवी गिरिनगर विद्युत गृह में आपातकालीन कार्य के लिए शटडाउन प्रस्तावित किया गया है। इस कारण प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

इस शटडाउन के चलते 132/11 केवी गोंदपुर (औद्योगिक क्षेत्र, बातामंडी, पालियों क्षेत्र) तथा 33 केवी फीडर बद्रीपुर, पुरुवाला, सतौन, शिल्लाई, रामपुरघाट, पांवटा साहिब लाइन के अतिरिक्त 33 केवी धौलाकुआं, जगतपुर एवं गिरी पांवटा लाइन क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शटडाउन की यह प्रक्रिया मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगी। यदि मौसम प्रतिकूल रहा तो कार्य को स्थगित किया जा सकता है। आमजन से इस असुविधा के लिए सहयोग की अपील की गई है।

काबिलियत को बस एक मौके की जरूरत होती है, फिर वह इतिहास रच देती है” — यह कहावत एचआरटीसी के परिचालक व पांवटा साहिब बस अड्डा प्रभारी प्रेम ठाकुर पर पूरी तरह सटीक बैठती है।

काबिलियत को मौके की ज़रूरत होती है, फिर वह पीछे मुड़कर नहीं देखती” — यह कहावत एचआरटीसी के परिचालक एवं पांवटा साहिब बस अड्डे के प्रभारी प्रेम ठाकुर पर अक्षरशः चरितार्थ होती है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जब उन्हें बस अड्डा प्रभारी की ज़िम्मेदारी सौंपी गई, तब यह जिम्मा सिर्फ एक पदभार नहीं, बल्कि एक चुनौती थी। एक ऐसे परिसर की देखरेख, जिसका कानूनी अस्तित्व ही संदेह में था — यह किसी के लिए भी टालने लायक बात हो सकती थी। लेकिन प्रेम ठाकुर ने इसे अपनी ज़िम्मेदारी समझते हुए इस विषय को गहराई से खंगालने का निश्चय किया।

ज़मीन की पड़ताल से लेकर रजिस्ट्री तक – एक लंबा संघर्ष

उनकी पड़ताल में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि पांवटा साहिब बस अड्डा जिस भूमि पर वर्षों से संचालित हो रहा था, वह एचआरटीसी की स्वामित्व में थी ही नहीं। निगम के पास न तो वैध दस्तावेज़ थे और न ही रजिस्ट्री। यह स्थिति भविष्य में निगम के लिए भारी नुकसान का कारण बन सकती थी। परिचालक के सीमित अधिकारों के बावजूद, प्रेम ठाकुर ने निजी स्तर पर आगे बढ़कर इस मामले की तह तक जाने का निर्णय लिया।

उन्होंने अपने खर्चे पर:
• पटवारी, कानूनगो, और तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाए,
• पुराने दस्तावेज़ों की खोजबीन की,
• ज़मीन की निशानदेही (Demarcation) करवाई,
• और अंततः विधिवत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करवाई।

एक कर्मचारी का दूरदर्शी योगदान

यह न केवल कानूनी प्रक्रिया थी, बल्कि एचआरटीसी की स्थायी संपत्ति को संरक्षित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था। निगम को मिली यह संपत्ति अब न केवल उनके संचालन के लिए सुरक्षित है, बल्कि भविष्य में किसी भी प्रकार के निजी दावों या विवादों से भी मुक्त है।

प्रशासनिक कार्यशैली भी मिसाल

सिर्फ कागज़ी कार्रवाई ही नहीं, प्रेम ठाकुर की कार्यशैली में अनुशासन, समय पालन और कर्मचारियों के साथ समन्वय भी उल्लेखनीय रहा है।

उन्होंने अड्डा संचालन में: • समयबद्ध गाड़ियों की आवाजाही सुनिश्चित की,
• स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार लाया,
• और यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।

एक मिसाल, जो प्रेरित करती है

प्रेम ठाकुर जैसे कर्मचारी यह सिद्ध करते हैं कि सरकारी तंत्र में भी ईमानदारी, मेहनत और दूरदर्शिता से बदलाव संभव है। वे न केवल एचआरटीसी के लिए एक पूंजी हैं, बल्कि हर उस युवा के लिए प्रेरणा हैं जो सिर्फ नौकरी नहीं, योगदान देना चाहता है।

गिरिपार क्षेत्रवासियों ने पत्रकार प्रीति चौहान को न्याय दिलाने की माँग को लेकर किया रोष प्रदर्शन

पांवटा साहिब, 7 जुलाई: पांवटा साहिब में पत्रकार प्रीति चौहान द्वारा अन्य पत्रकार पर लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों के समर्थन में सोमवार को गिरिपार क्षेत्र के आँझभोज क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। लोगों ने पांवटा साहिब के विश्रामगृह (रेस्ट हाउस) में एक सभा का आयोजन कर प्रीति चौहान के साथ एकजुटता दिखाई तथा आरोपियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई की माँग की।

सभा के उपरांत सभी लोग रोष रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय की ओर रवाना हुए। हालांकि एसडीएम पांवटा साहिब अनुपस्थित थे, जिसके चलते प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार ऋषभ शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में माँग की गई कि पत्रकार प्रीति चौहान के उत्पीड़न मामले में सात दिन के भीतर निष्पक्ष और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि पत्रकारिता जैसे सम्मानजनक पेशे में कार्यरत महिला के साथ यदि इस प्रकार का व्यवहार होता है तो आम जनता की सुरक्षा और अधिकारों की उम्मीद करना कठिन हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। आपको बता दे कि कुछ दिन पहले ही पाँवटा साहिब की पत्रकार प्रीति चौहान ने शिमला में एक प्रेस वार्ता कर पाँवटा साहिब में न्यूज़ पोर्टल चलाने वाले दो पत्रकारों पर उत्पीड़न के आरोप लगा कर सनसनी फैला दी थी! उन्होंने स्थानीय पुलिस के कुछ लोगो पर भी इन आरोपी पत्रकारो को शय देने के आरोप लगाए थे जिसकी निष्पक्ष जाँच के लिए आज लोगो ने ज्ञापन सौंपा.

पाँवटा साहिब वह शिलाई में अब रहेगा संपूर्ण शट डाऊन , बिजली विभाग ने पिछली अधिसूचना में किया परिवर्तन

पांवटा साहिब, (न्यूज़डे नेटवर्क) 23 जून 2025 – हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के मंडल पांवटा साहिब द्वारा अब सूचित किया गया है कि दिनांक 24 जून 2025 (मंगलवार) को प्रातः 09:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक शिलाई वह पाँवटा साहिब की सम्पूर्ण विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जब की  पिछली अधिसूचना में सिर्फ रामपुर घाट और भूंगरनी फ़िटर पर ही मरम्मत कार्य किया जाना था!

इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ अधिशासी अभियंता श्री अंशुल ठाकुर ने बताया कि विद्युत प्रणाली मंडल, नाहन द्वारा 132 केवी सब स्टेशन गोंदपुर में आवश्यक अनुरक्षण व मरम्मत कार्यों हेतु शट डाउन प्रस्तावित है।

इस कारण से 132/33/11 केवी सब स्टेशन गोंदपुर से फीड होने वाले निम्नलिखित फीडर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी:

  • 132/11 केवी गोंदपुर (समस्त औद्योगिक क्षेत्र)
  • 33 केवी बद्रीपुर
  • 33 केवी पांवटा साहिब
  • 33 केवी पुरुवाला
  • 33 केवी सतौन
  • 33 केवी शिलाई
  • 33 केवी रामपुरघाट
  • 33 केवी गिरीनगर
  • 33 केवी मालवा
  • 33 केवी नघेता

नोट: यह शट डाउन मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।

विद्युत बोर्ड ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है और असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।

पाँवटा साहिब में पहली बारिश ने खोली नगर परिषद की पोल, रिहायशी इलाकों में घुसा पानी

पाँवटा साहिब, (न्यूज़डे नैटवर्क) 22 जून — बरसात का सीज़न अभी शुरू ही हुआ है और पहली ही मूसलाधार बारिश ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है। शहर के कई रिहायशी इलाकों में पानी भरने लगा है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश का पानी घरों तक घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर परिषद ने बारिश से पहले नालियों की सफाई तक नहीं करवाई। पानी की निकासी और सिवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर में न तो कोई ठोस प्लान है और न ही सिवरेज प्रबंधन के लिए बजट की व्यवस्था। वहीं, लोग इस बात को लेकर भी नाराज़ हैं कि नगर परिषद ने हाल ही में होली मेले में गायकों पर लाखों रुपये खर्च कर दिए, मगर शहर की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान देना ज़रूरी नहीं समझा गया।

नगर परिषद की लापरवाही का खामियाज़ा अब जनता को भुगतना पड़ रहा है। बारिश का पानी घरों में घुसने से लोगों के सामान खराब हो रहे हैं और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। अब देखना यह होगा कि नगर परिषद इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस कदम उठाती है या फिर हर बार की तरह सिर्फ खानापूर्ति कर जनता की परेशानी को अनदेखा किया जाएगा।

पाँवटा साहिब के इन इलाकों में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

दिनांक 24 जून 2025 (मंगलवार) को प्रातः 09:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक 33/11 केवी सब-स्टेशन, रामपुरघाट में विद्युत ट्रांसफार्मर के संवर्धन कार्य तथा एचटी/एलटी लाइनों के सामान्य रखरखाव कार्यों के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

इस दौरान निम्नलिखित फीडरों पर शटडाउन लागू रहेगा:
• 33 केवी रामपुरघाट फीडर
• 11 केवी भुंगरनी फीडर
• 11 केवी हाउसिंग बोर्ड फीडर

🔌 प्रभावित क्षेत्र
रामपुरघाट, बरोटीवाला, अंबवाला, नवादा, शिवपुर, फूलपुर, भुंगारनी, अमरकोट, निहालगढ़, भेरेवाला आदि।

 

 

 

🔔 महत्वपूर्ण सूचना
यह शटडाउन कार्य उप-मंडल संख्या-II, एचपीएसईबीएल, पांवटा साहिब के अंतर्गत किया जा रहा है।

📝 नोट: शटडाउन का समय परिस्थितियों एवं मौसम की स्थिति के अनुसार परिवर्तित अथवा रद्द किया जा सकता है।

पांवटा साहिब: बद्रीपुर चौक पर दर्दनाक हादसा, ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की टांग क्षत-विक्षत, देहरादून रेफर

पांवटा साहिब, 19 जून (न्यूज़डे नेटवर्क) पांवटा साहिब के बद्रीपुर चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की एक टांग पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गई और उसे तुरंत देहरादून रेफर करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अर्जुन तोमर, उम्र लगभग 34 वर्ष, निवासी विकासनगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन अपनी बाइक पर पांवटा साहिब से विकासनगर की ओर जा रहा था। जब वह बद्रीपुर चौक के नजदीक पहुंचा तो हरियाणा की ओर से क्रेशर सामग्री के लिए आ रहे भारी ट्रालों के बीच उसकी बाइक फंस गई।

इसी दौरान एक ट्राले का पिछला टायर युवक की टांगों पर चढ़ गया, जिससे उसकी एक टांग पूरी तरह से कुचल गई, वहीं दूसरी टांग पर भी गहरी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया।

चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक की हालत को देखते हुए उसे तुरंत ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून रेफर कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जाएगा ।

मौके पर पहुंची पुलिस, जाँच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पांवटा पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्राला चालक की पहचान और घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि हादसे की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सके।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा गया। लोगों ने बताया कि बद्रीपुर चौक क्षेत्र में समय से पहले ही ट्रालो की आवाजाही शुरू हो जाती है तथा अव्यवस्थित ट्राला मूवमेंट के कारण हादसे आए दिन हो रहे है!

क्या कहते हैं चश्मदीद?

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हमने देखा कि युवक सड़क पर पड़ा हुआ था शायद ट्राले का टायर उसकी टांग पर चढ़ गया था । वह दर्द से तड़प रहा था। हमने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया।”

डीसी सिरमौर ने किया नगरपंचायत शिलाई के 7 वार्डों का परिसीमन (वार्ड सीमा निर्धारण), परिसीमन संबधी आपति अथवा सुझाव 7 दिनों के भीतर 9 जून तक करे डीसी ऑफिस में प्रस्तुत

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित शहरी निकाय चुनावों के संदर्भ में नगरपंचायत राजगढ़ और शिलाई के वार्डों का परिसीमन (वार्ड सीमा निर्धारण) अधिसूचित कर दिया है। यदि किसी नागरिक को इन परिसीमन प्रस्तावों पर कोई आपत्ति या सुझाव है, तो वे उसे लिखित रूप में उपायुक्त सिरमौर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

नगरपंचायत शिलाई के वार्डो का परिसीमन

उपायुक्त ने बताया कि नगर पंचायत शिलाई में कुल 7 वार्ड है,

वार्ड नं0-1 महासू नगर कॉलोनी में उक्त वार्ड राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 के नीचे पश्चिम में लायक राम पुत्र दौलत राम के मकान, पूर्व में 0 पॉइंट नाया खतर सिंह पुत्र तेलु राम के मकान तक, उत्तर में पेट्रोल पम्प से दक्षिण में राजकीय पशु चिकित्सालय तक।
वार्ड नं0-2 दुर्गा नगर कालोनी में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 के ऊपर पश्चिम में ग्यार सिंह पुत्र रतन सिंह का मकान व लक्ष्मी राज होटल से उत्तर में राजकीय महाविद्यालय शिलाई तक पूर्व में बंदोबस्ती रास्ता पंचराम पुत्र कली राम के मकान तक तथा दक्षिण में 0 पॉइंट नाया राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 के उपर।
वार्ड नं0-3 चुडेश्वर महाराज कोलोनी पश्चिम में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 के ऊपर सुंदर पुत्र मदन सिंह सिंह के मकान से उत्तर में राजकीय महाविद्यालय शिलाई तक व् पूर्व में बिशन सिंह पुत्र जंगली राम के मकान तक व दक्षिण में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह शिलाई तक।
वार्ड नं0-4, राजस्व कालोनी पश्चिम में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 में 0 पॉइंट के नीचे सुंदर सिंह के मकान,व् तहसीलदार निवास राजकीय व० मा० वि० शिलाई उत्तर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 707 के नीचे तथा दक्षिण में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिलाई तक तथा पूर्व में कँवर सिंह पुत्र राय सिंह के मकान तक।
वार्ड नं0-5, शिवा कालोनी उत्तर में कँवर सिंह के मकान से शुपा राम पुत्र प्रीतम के मकान तक तथा अस्पताल रोड के नीचे दक्षिण में साधू राम साधू पुत्र नैणू के मकान तक तथा पश्चिम में कल्याण सिंह पुत्र जीतू के मकान से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिलाई तक।
वार्ड नं0-6, महादेव कॉलोनी उत्तर में हि०प्र० लो० नि० विभाग विश्राम गृह शिलाई, पूर्व में मौजा बेला की सीमा के साथ-2 नागरिक अस्पताल शिलाई, बिशन सिंह पुत्र मदन सिंह के मकान तक।

वार्ड नं0-7, गुगा महाराज कॉलोनी उत्तर में नागरिक अस्पताल शिलाई से पूर्व में मौजा गवाली की सीमा तक दक्षिण में परशुराम मन्दिर से ऊपर व् गाता मैदान तक पश्चिम में साधू पुत्र नैणू राम के मकान से परशुराम मंदिर तक का क्षेत्र सम्मिलित है।

हिमाचल में सरकारी समारोह और होटलों में अब नहीं दिखेंगी छोटी प्लास्टिक की पानी की बोतलें

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सरकारी समारोहों और होटलों में 500 एमएल की प्लास्टिक की पानी की बोतलों पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। यह आदेश आज, 1 जून 2025 से प्रभावी हो गया है।

पर्यावरण विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मिलकर इस प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान चला रहे हैं। यदि किसी सरकारी आयोजन या होटल में अब इस तरह की छोटी प्लास्टिक बोतलें पाई जाती हैं, तो संबंधित संस्थान या आयोजक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ “कागज पर प्रतिबंध” नहीं है, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू किया जाएगा। पहली ही रिपोर्टिंग पर कार्रवाई हो सकती है और जुर्माना लगाया जा सकता है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First