Saturday, October 17, 2026
Home Blog Page 15

कोलर गाँव के जंगल में मिली महिला की जली हुई लाश, क्षेत्र में सनसनी

पांवटा साहिब, 13 मई (कपिल शर्मा ) : पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर गांव के समीप करौंदा वाली घाटी के जंगल में एक महिला की जली हुई लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव करीब 95 प्रतिशत तक जला हुआ बताया जा रहा है, जिसके चलते मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को किसी व्यक्ति द्वारा जंगल में आग जलने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तो वहां एक शव जलता हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि शव किसी महिला का है, लेकिन शव बुरी तरह जल जाने के कारण उम्र और पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर तथा माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को जूंगा शिमला से बुलाया गया है, जो दोपहर तक घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस का मानना है कि महिला को बाहर से यहां लाया गया प्रतीत हो रहा है और शव को जंगल में जलाने का प्रयास किया गया। हालांकि यह अभी जांच का विषय है कि हत्या घटनास्थल पर की गई या फिर कहीं और या हत्या करने के बाद शव यहां लाकर जलाया गया। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन अब तक किसी महिला के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना भेज दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मामला किसी अन्य राज्य से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पांवटा साहिब में चुनावी सरगर्मियां तेज, वार्ड नंबर 6 में इंदरप्रीत कौर ने विकास और सेवा को बनाया मुख्य मुद्दा

पांवटा साहिब, (कपिल शर्मा): पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 6 से उम्मीदवार इंदरप्रीत कौर ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। शिक्षित, अनुभवी और समाजसेवा से जुड़ी छवि के साथ मैदान में उतरी इंदरप्रीत कौर क्षेत्रवासियों से समर्थन की अपील कर रही हैं। उन्होंने वार्ड के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर सुविधाओं और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया है। उनके समर्थन में लोगों के बीच यह संदेश दिया जा रहा है कि पिछले वर्षों में उनके परिवार द्वारा वार्ड के विकास कार्यों में सक्रिय योगदान दिया गया है, आपको बता दें कि उनके पति रविन्द्र सिंह वार्ड नंबर 6 से मौजूदा पार्षद रह चुके हैं जिसे आगे बढ़ाने के लिए अब इंदरप्रीत कौर चुनाव मैदान में हैं। इंदरप्रीत कौर इससे पहले भी वार्ड नंबर 7 से प्रतिनिधि के रूप में काम करने का अनुभव रखती हैं। प्रचार अभियान के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, बेहतर सड़कें, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और हर समस्या के समाधान को अपना प्रमुख संकल्प बताया है ! उनके समर्थकों का कहना है कि वार्ड नंबर 6 को आदर्श वार्ड बनाने के उद्देश्य से इंदरप्रीत कौर लगातार लोगों के बीच पहुंच रही हैं और उन्हें जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। चुनावी माहौल के बीच वार्ड नंबर 6 में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है, जहां प्रत्याशी विकास और जनसेवा के मुद्दों पर जनता का विश्वास जीतने में जुटे हुए हैं।

गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के छात्र पार्थ ठाकुर का जलवा, राष्ट्रीय आर्किटेक्चर परीक्षा में देशभर में हासिल की 7वीं रैंक

पांवटा साहिब, गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब के होनहार छात्र पार्थ ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर की आर्किटेक्चर परीक्षा में ऑल इंडिया 7वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए ) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार पार्थ ठाकुर ने 99.9948605 एनटीए स्कोर प्राप्त किया है। टॉप-10 राष्ट्रीय रैंकिंग सूची में पार्थ ठाकुर का नाम 7वें स्थान पर दर्ज हुआ है। खास बात यह है कि हिमाचल प्रदेश से टॉप-10 में जगह बनाने वाले वह एकमात्र छात्र बने हैं।पार्थ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के छात्र पार्थ ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षा में देशभर के हजारों विद्यार्थियों के बीच शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।

 

विद्यालय के डारेक्टर गुरजीत सिंह सैनी व प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर चावला ने पार्थ की सफलता को स्कूल के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। स्कूल प्रशासन ने कहा कि पार्थ ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं। विद्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि “उत्कृष्टता अपनी पहचान स्वयं बना लेती है।” पार्थ की इस सफलता ने गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। पार्थ ठाकुर को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शिक्षकों, अभिभावकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उनकी इस सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि निश्चित रूप से पांवटा साहिब के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को बड़े लक्ष्य तय करने का हौसला देगी।

वार्ड नंबर 8 में फिर गूंजा डॉ. रोहताश नांगिया का नाम, अब दोबारा जीत की ओर बढ़ते कदम

न्यूज़डे नेटवर्क पांवटा साहिब, नगर परिषद पांवटा साहिब के नगर परिषद चुनाव में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच चुकी हैं। वार्ड नंबर 8 से पार्षद पद के उम्मीदवार डॉ. रोहताश नांगिया के समर्थन में वार्ड में जबरदस्त माहौल देखने को मिल रहा है। डॉ. रोहताश नांगिया व उनके समर्थकों ने पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है और वार्ड के हर गली-मोहल्ले में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है! शिक्षित, कर्मठ और समाजसेवा की छवि रखने वाले डॉ. रोहताश नांगिया को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। वार्ड के निवासियों का कहना है कि डॉ. नांगिया केवल चुनावी वादों तक सीमित रहने वाले नेता नहीं, बल्कि वर्षों से लोगों के सुख-दुख में साथ निभाने वाले सामाजिक व्यक्तित्व हैं जिन्होंने पिछले 5 साल में वार्ड नंबर 8 की सूरत बदल कर रख दी है अपने वार्ड के विकासात्मक कार्यों को करवाने के लिए कांग्रेस व बीजेपी दोनों पार्टियो से टकरा जाने वाले डॉ. रोहताश नांगिया को युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का भरपूर समर्थन मिल रहा है! प्रचार अभियान के दौरान समर्थक “सभी का साथ, सभी का विकास”, “मेरा वार्ड मेरा घर” और “हमारा शहर हमारा भविष्य” जैसे नारों के साथ लोगों से “कुर्सी” चुनाव चिन्ह के सामने वाला बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील कर रहे हैं। वार्ड में जगह-जगह बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का दौर लगातार जारी है।

डॉ. रोहताश नांगिया ने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का माध्यम नहीं बल्कि जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पहले भी समाधान किया है और आगे भी उसी मजबूती के साथ स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित वार्ड बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। समर्थकों का दावा है कि वार्ड नंबर 8 की जनता इस बार विकास, शिक्षा और साफ छवि को प्राथमिकता देते हुए डॉ. रोहताश नांगिया के पक्ष में भारी मतदान करेगी।

भीषण गर्मी के चलते पांवटा साहिब के सभी स्कूलों के समय में किया गया अस्थायी परिवर्तन

पांवटा साहिब, 30 अप्रैल। उपमंडल दण्डाधिकारी (एसडीएम) पांवटा साहिब, द्विज गोयल (आईएएस) ने उपमंडल में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए विद्यार्थियों को डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन एवं हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के समय में अस्थायी परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।

आदेशों के अनुसार उपमंडल के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगी। इसके अतिरिक्त सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूल समय के दौरान किसी भी प्रकार की बाहरी गतिविधियां, जैसे खेलकूद एवं प्रार्थना सभा, धूप में आयोजित न की जाएं। साथ ही स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, पंखों एवं अन्य शीतलन व्यवस्था सुचारू रूप से कार्यरत रहे तथा हीट से संबंधित आपात स्थितियों के लिए प्राथमिक उपचार की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा 31 मई, 2026 तक या आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन आदेशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First