नाहन (न्यूज़डे नेटवर्क): नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर खजुरना के समीप शनिवार सुबह ट्राला खराब होने के बाद सड़क के बीचों-बीच तिरछा खड़ा रहने से करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से ट्राला हटाकर यातायात बहाल करवाया! पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम नाहन से सूचना मिली थी कि नवोदय विद्यालय के पास ट्रक खराब होने के कारण जाम लगा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर ट्राला नंबर HR45E-3236 सड़क के बीचों-बीच तिरछा खड़ा मिला, जिससे नाहन से पांवटा साहिब की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद था। मौके पर चालक समीर खान निवासी मंडोपुर, तहसील रामपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) मौजूद था! पुलिस का कहना है कि सड़क बंद होने के बावजूद चालक ने यातायात बहाल करवाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से ट्राले में लदी रेत को बाहर निकलवाकर वाहन को खाली करवाया और उसे सड़क से हटाकर किनारे खड़ा किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका।पुलिस के अनुसार सड़क के बीच ट्राला तिरछा खड़ा कर आम आवाजाही में बाधा डालने पर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत थाना सदर नाहन में मामला दर्ज किया गया है। वहीं ट्राला संचालक का 22 हजार रुपये का चालान किया गया है। पुलिस ने ट्राला और रेत को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


