पांवटा साहिब में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां यमुना घाट से 10 वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया गया। एक महीने के भीतर इस तरह का यह दूसरा मामला सामने आने से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। इससे पूर्व भी एक लड़की के लापता होने के बाद उसका शव यमुना नदी में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची कृपालशिला गुरुद्वारा रोड पर जलजीरा गुरुद्वारे के समीप अपने प्रवासी माता-पिता के साथ किराये के कमरे में रहती थी। परिजनों ने बताया कि उनके बेटे का जन्मदिन था और वे बाजार से सामान लेने गए हुए थे, जबकि बच्ची घर पर अकेली थी। जब परिजन वापस लौटे तो घर की अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था और बच्ची गायब थी। काफी तलाश के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी और स्वयं भी बच्ची की खोजबीन में जुट गए। देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि यमुना नदी से एक बच्ची का शव बरामद हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कुलवंत सिंह, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर और पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामला हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


