25 जनवरी (न्यूज़डे नेटवर्क): सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में रोनहाट के समीप तालों खड्ड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे में कुलदीप सिंह (18) पुत्र जीत सिंह निवासी गांव शरोग, डा. कांडो भटनोल, तहसील शिलाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संतराम पुत्र तुलसी राम, निवासी गांव झकांडों, तहसील शिलाई को हल्की चोटें आईं हैं और रघुबीर सिंह (21) पुत्र संतराम, निवासी गांव झकांडों, तहसील शिलाई व प्रकाश सिंह (17) पुत्र सायबू राम निवासी गांव मुंडियाड, तहसील शिलाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सैंटर रैफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


