Sunday, September 27, 2026
Home Blog Page 72

पुलिस थाने में जमा करवाएं किरायेदारों का ब्यौरा: जिलाधीश, कहा पुलिस को सूचना न देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ होगी कार्रवाई

जिला में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए अब हर मकान मालिक को अपने किरायेदार का ब्यौरा स्थानीय पुलिस थाना में सात दिन के अंदर जमा करवाना होगा। जनहित में जारी जिला प्रशासन के इस आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस बाबत जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर होने वाली मासिक समीक्षा बैठक में बार-बार यह विषय सामने आ रहा है कि प्रवासी कामगारों और फेरी वालों का उचित पंजीकरण न होने के कारण पुलिस को उनसे संबंधित मामलों में छानबीन करने में समस्या आ रही है। बैठक में यह भी चिंता जाहिर की गई कि किराए पर रहने के लिए कमरे तथा दुकान, ढाबा, कैफे इत्यादि वाणिज्यिक गतिविधियां संचालित करने के लिए किराए पर अपनी संपत्ति दे रहे मकान मालिक पुलिस थाना में इन किराएदारों का उचित रिकॉर्ड जमा नहीं करवा रहे हैं। इसके चलते जिला में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर समस्या पैदा हो रही है।
उन्होंने कहा कि इसके चलते अपराध से जुड़े मामलों में जांच करते समय पुलिस को भी मुशिकलें पेश आ रही हैं। अतः इन तमाम असामाजिक गतिविधियों को रोकने और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मकान मालिक, कारोबारी, ठेकेदार, झुग्गी बसाने के लिए अपनी भूमि देने वाले जमीन मालिकों को इसके लिए जिम्मेदार और जवाबदेह बनाया जाना आवश्यक है। इसलिए सभी संपत्ति मालिकों को अपना भवन या भूमि किराए पर देते हुए सात दिनों के भीतर अपने किराएदार और उसके द्वारा संचालित की जाने वाली गतिविधियों की सूचना संबंधित पुलिस थाना में दर्ज करवानी होगी। इसके अवाला घरों और दुकानों में हेल्पर के रूप में रखे जाने वाले प्रवासी व्यक्तियों का ब्यौरा भी पुलिस थाने में जमा करवाना अनिवार्य होगा।
जिलाधीश ने कहा कि इस आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी संपत्ति मालिकों को इस आदेश का पालन करते हुए जिला प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

धर्मशाला में हो रहें वर्डकप मैचों के दौरान खिलाड़ियों व दर्शकों को मिलेगी बेहतर सुविधाएँ..

धर्मशाला, 18 सितंबर। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में वर्ल्ड कप मैचों के आयोजन से पहले धर्मशाला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों की सड़कें तथा लाइट व्यवस्था चकाचक होगी। पेयजल, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के लिए भी प्लान तैयार किया गया है। इस बाबत सोमवार को उपायुक्त डा निपुण जिंदल की अध्यक्षता में क्रिकेट स्टेडियम के सभागार में प्रशासन तथा एचपीसीए के पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने बताया कि वर्ल्ड कप के तहत इस बार अक्तूबर माह में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में पांच एक दिवसीय मैच आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने मैच के आयोजन के संदर्भ में कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मुरम्मत, शहर की साफ-सफाई तथा अग्निशमन सेवाओं इत्यादि सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और इस बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डॉ. निपुण जिंदल ने संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आस-पास के क्षेत्र में मुरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग एवं नगर निगम धर्मशाला के पदाधिकारियों को उक्त क्षेत्र में स्ट्रीट लाईटों का मुरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों को मैच के आयोजन के दौरान धर्मशाला शहर और क्रिकेट मैदान के आस-पास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि मैच के आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों की नम्बरिंग करके दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए निकासी गेटों से पार्किंग स्थलों तक दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को पार्किंग स्थल से क्रिकेट मैदान तक लाने के लिए शटल सेवा का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने एचपीसीए के अधिकारियों से आवश्कतानुसार छोटे वाहनों को शटल सेवा के लिए  की तैनाती के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री, अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौढ़एसडीएम धर्मशाला धर्मेश कुमार, एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार, क्रिकेट स्टेडियम के जीएम (प्रशासन) सेवानिवृत कर्नल एचएस मिन्हास सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

पार्टी हाई कमान टिकट देती है तो शिमला सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूँ:- विनय कुमार

रविवार को सोलन में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व सीपीएस विनय कुमार ने लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर एक ताजा बयान दिया है! विनय कुमार ने कहा कि यदि पार्टी हाई कमान उन्हें टिकट देती है और लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाती है तो वह निश्चित रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है! क्योंकि वे कांग्रेस के एक सच्चे कार्यकर्ता है और जो भी जिम्मेदारी उन्हें पार्टी हाई कमान द्वारा दी जाएगी वह उसे पूरा निष्ठा के साथ निभायेंगे। इस दौरान भाजपा पर हमलावर होते हुए विनय कुमार ने कहा कि इन दिनों भाजपा के लोग प्रदेश भर में आपदा के समय में राजनीति कर रहे हैं जो कि गलत है, वहीं उनसे जब पूर्व मंत्री और कांग्रेस से बागी हुए पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता की घर वापसी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी हाई कमान को तय करना है यदि पार्टी उन्हें वापस लेना चाहेगी तो यह निर्णय हाई कमान द्वारा लिया जाएगा। विनय कुमार ने कहा कि प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर भी इन दिनों कुछ नेता बयान बाजी कर रहे हैं जो कि गलत है! सांसद सुरेश कश्यप के आरोप पर विनय कुमार ने जवाब देते हुए कहा कि प्रियंका गांधी हिमाचल दौरे पर पहुंची है तो उनका स्वागत करना चाहिए लेकिन भाजपा के लोग आपदा के समय में भी राजनीति कर रहे हैं! उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राज्यों में भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने गई थी ऐसे में अब वह हिमाचल पहुंची है तो इसको लेकर भी भाजपा के लोग राजनीति कर रहे हैं। वहीं उन्होंने इंडिया गठबंधन को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर यह तैयारी की जा रही है और पार्टी का अपना मताधिकार होता है कि गठबंधन में जुड़ना है या नहीं लेकिन इसको लेकर भी भाजपा के लोग चिंतित दिखाई दे रहे हैं। विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह से कार्य कर रही है और जो ढिंढोरा इन दिनों भाजपा के लोग कांग्रेस सरकार की 10 गारंटीयों को लेकर पीट रहे हैं उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। लेकिन अभी सबसे पहले काम सरकार का आपदा से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाना है और उनका पुनर्वास हो सके इसके लिए कार्य करना है, उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश के पुनर्निर्माण को लेकर कार्य कर रही है और जल्द ही हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा होकर विकसित राज्यों में शुमार होगा।

सिरमौर ज़िला की इन 8 पंचायतों के लोगो के पास है आधार कैम्पो का फ़ायदा उठाने का मौक़ा

नाहन 18 सितंबर। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि सिरमौर जिला की आठ पंचायतों में आधार कार्ड बनाने के लिये आधार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। यह आधार कैंप 18 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2023 तक लगाये जायेंगे। उन्होंने सम्बन्धित पंचायतों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आधार कैंपों का लाभ उठाने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायत कोरग में 18 सितंबर से 23 सितंबर, ग्राम पंचायत भवाई में 27 सितम्बर से प्रथम अक्तूबर, ग्राम पंचायत हरिपुरधार में 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर, ग्राम पंचायत नौहराधार में 18 सितंबर से 23 सितंबर (दोपहर दो बजे तक), ग्राम पंचायत दीदग में 24 सितंबर से 29 सितंबर, ग्राम पंचायत भलौणा में 21 सितंबर से 25 सितंबर, ग्राम पंचायत गत्ताधार में 27 सितम्बर से  2 अक्टूबर (दोपहर दो बजे) तथा ग्राम पंचायत सगड़ाह में 27 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2023 (दोपहर 2 बजे तक)  तक आधार शिविरों का आयोजन किया जायेगा। सुमित खिमटा ने बताया कि उपरोक्त आधार कैंपों की अवधि के दौरान ग्राम पंचायत जरवा, ग्राम पंचायत सिंहपुर, ग्राम पंचायत पनोग, एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब और उपायुक्त कार्यालय नाहन स्थित आधार कार्यालय बंद रहेंगे।

साडा की बैठक में अनाधिकृत निर्माण के बिजली व पानी कनेक्शन काटने पर हुई चर्चा

नाहन 13 सितम्बर। पांवटा साहिब विशेष क्षेत्र विकास योजना (साडा) की बैठक आज यहां उपायुक्त एवं अध्यक्ष साडा सुमित खिमटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनाधिकृत निर्माण व भवनों के बिजली व पानी के कनेक्शन काटने को लेकर संबंधित विभाग ने विस्तारपूर्वक चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 2022 से बिजली विभाग को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिये नगर नियोजन व साडा से अनापत्ति प्रमाण प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार जल जीवन मिशन में भी पानी के कनेक्शन के लिये किसी प्रकार के अनापत्ति प्रमाण की जरूरत नहीं है। नगर नियोजन विभाग ने कहा कि आठ प्लाट अथवा 2500 वर्गफुट भूमि जहां किसी भी प्रकार का निर्माण किया जाना हो, वहां रास्ते तथा पार्क की सुविधा होना जरूरी है और साडा इसपर लगातार नजर बनाए हुए है। साडा ने बैठक में अवगत करवाया कि अनाधिकृत तौर पर किये जा रहे निर्माण में बिना एनओसी के बिजली व पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाने से इस प्रकार के निर्माण को प्रोत्साहन मिल रहा है और साडा किसी प्रकार की कार्रवाई करने में असमर्थ है। बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक नगर नियोजक साडा सोनिका पठानिया ने किया। उन्होंने अवगत करवाया कि पांवटा साहिब का लगभग आठ किलोमीटर परिधि का क्षेत्र नगर नियोजन के अंतर्गत आता है और इस क्षेत्र में किसी प्रकार के निमार्ण की स्वीकृति साडा से लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा हालांकि नगर नियोजन अधिनियम में किसी भी अनाधिकृत निर्माण को सील करने अथवा डेमोलिशन का प्रावधान निहित है। उन्होंने विभिन्न विभागों को जारी राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने को कहा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा, एसडीएम पांवटा साहिब गुजीत चीमा, तहसीलदार पाँवटा साहिब ऋषभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First