Monday, September 28, 2026
Home Blog Page 39

सयुक्त किसान मोर्चा ने स्मार्ट मीटर व ओवर बिलों पर की बिजली विभाग से वार्ता

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब: अधिशाषी अभियंता (बिजली विभाग) के निमंत्रण पर संयुक्त किसान मोर्चा पांवटा साहिब के पदाधिकारी मंगलवार को विद्युत बोर्ड कार्यालय पहुंचे। बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने से जुड़ी दिक्कतों और ओवर बिलों की समस्या पर चर्चा हुई।

संयुक्त मोर्चा की ओर से संयोजक सरदार तरसेम सिंह सगी, सह-संयोजक गुरविंदर सिंह गोपी, मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह, तथा गुलजार सिंह, भूपिंदर सिंह, दारा सिंह, हरबंस सिंह, ओम प्रकाश, हरजीत सिंह फौजी, तरन सिंह, रणदीप कौर और सतिंदर कौर मौजूद रहे। वहीं बिजली विभाग की ओर से अधिशाषी अभियंता अंशुल ठाकुर, सहायक अभियंता अरुणदीप सिंह, गुरुदत्त चौहान, सुमित चौधरी, कनिष्ठ अभियंता मुकेश ठाकुर, अमित कुमार व अमन यादव ने भाग लिया।

बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। इस दौरान किसान मोर्चा ने स्मार्ट मीटर से आ रही समस्याओं और ओवर बिलों की प्रतियां विभाग को सौंपीं। अधिशाषी अभियंता ने आश्वासन दिया कि सभी ओवर बिलों की जांच की जाएगी और यदि त्रुटि पाई जाती है तो उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए सभी एसडीओ को प्राथमिकता के आधार पर बिल सुधारने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकी नहीं जा सकती, लेकिन विभाग जनता की सभी वास्तविक समस्याओं का समाधान करने का हर संभव प्रयास करेगा।

बैठक में यह भी तय हुआ कि 2 सितंबर 2025 को जब जनता अपना रोष प्रकट करने आएगी, उस दिन उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और समाधान किया जाएगा। शेष मांगें और ज्ञापन उच्च अधिकारियों तक पहुंचाए जाएंगे।

शिलाई के अश्याडी पंचायत प्रधान सहित 5 वार्ड सदस्य बर्खास्त

जिला सिरमौर की एक पंचायत अश्याडी के प्रधान सहित 5 वार्ड सदस्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इन सभी 6 जनप्रतिनिधियों को न केवल उनके पद से हटा दिया गया है, बल्कि उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए उनके चुनाव लड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यह कार्रवाई अमल में लाई है।

डीसी ने विकास खंड शिलाई की ग्राम पंचायत अश्याडी के पंचायत प्रधान अनिल कुमार, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-1 सुषमा देवी, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-2 प्रदीप सिंह, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-3 कमलेश देवी, पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-4 चंद्रकला और पंचायत सदस्य, वार्ड नंबर-5 खजान सिंह को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम की उल्लंघना करने, प्रत्यक्ष लाभ अर्जित करने, धन का दुरुपयोग करने, अपने कर्त्तव्यों के निर्वहन में अवचार का दोषी पाए जाने पर पंचायत प्रधान व संबंधित वार्ड सदस्यों को पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं।

आदेशों के अनुरूप अयोग्य घोषित किए गए पंचायत प्रधान व पंचायत के वार्ड सदस्यों को 6 वर्ष की अवधि के लिए पंचायत पदाधिकारी के रूप में निर्वाचित होने के लिए निर्रहित कर उन्हें दुरुपयोग धनराशि तुरंत पंचायत निधि के खाते में जमा करवाने के निर्देश भी दिए गए। इसकी पुष्टि डीसी प्रियंका वर्मा ने की है।

पांवटा साहिब में पत्रकार वार्ता कर सरकार व कंपनी पर समाजसेवी नाथु राम चौहान ने साधा निशाना

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब :-पांवटा साहिब स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आज समाजसेवी नाथू राम चौहान ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने एनएच-707 चौड़ीकरण कार्य और शहर में बार-बार सामने आ रही जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक व मंत्री पर जमकर निशाना साधा।

नाथू राम चौहान ने आरोप लगाया कि एनएच-707 चौड़ीकरण कार्य से किसानों, मजदूरों और आम लोगों की जमीनें व फसलें प्रभावित हुई हैं, लेकिन इस कार्य को अंजाम देने वाली कंपनी पर किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।

उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि “कंपनी के अधिकारी ही नहीं, बल्कि उन्हें सलाह देने वाले भी जनता के साथ धोखा कर रहे हैं। इसलिए हम कहते हैं ‘सलाहकार चोर है।’”

सड़क हादसे में 5 साल के मासूम बच्चे की मौत..

पाँवटा साहिब :- पुलिस थाना पुरुवाला के तहत बांगरन चौक के समीप बोलेरो गाड़ी की टक्कर से एक 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिव्यांशु पुत्र रामचंद्र के रूप में हुई है। ये परिवार मूलतः राजस्थान से ताल्लुक रखता है। मृतक दिव्यांशु के पिता पिछले करीब 13 वर्षों से बांगरन में दुकान चला रहे हैं।

पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे उस समय पेश आया, जब दिव्यांशु अपने पिता की दुकान के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी बीच सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से उसे मृत घोषित कर दिया। उधर प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को 25000 रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई।

एस.पी. सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि बोलेरो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिलाई उपमण्डल कार्यालय में चला स्वच्छता अभियान, वर्षों से जमा कबाड़ हटाया गया

न्यूज़डे नेटवर्क/शिलाई: उपमण्डलाधिकारी (एसडीएम) शिलाई जसपाल सिंह ने एक विशेष पहल करते हुए उपमण्डल कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और सुन्दरता के लिए विशेष अभियान चलाया है। लगभग एक माह पूर्व शुरू किए गए इस अभियान के तहत स्वयं एसडीएम ने तहसील व उपमण्डल कार्यालय के प्रत्येक कमरे और स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान वर्षों से जमा टूटे-फूटे व अनुपयोगी सामान को चिन्हित कर हटाने तथा सरकारी नियमों के अनुसार उसकी नीलामी करवाने के निर्देश दिए गए। सफाई अभियान के दौरान कार्यालय के विभिन्न कमरों से भारी मात्रा में कबाड़ निकाला गया, जो लंबे समय से स्टोर में पड़ा हुआ था। इस कारण कई कमरे वर्षों से अनुपयोगी बने हुए थे। कबाड़ हटने से अब न केवल कमरों की सफाई हुई है, बल्कि कर्मचारियों को कार्य करने के लिए अतिरिक्त और स्वच्छ स्थान भी उपलब्ध हुआ है।

एसडीएम जसपाल सिंह ने बताया कि अनुपयोगी सामान से कार्यालय के कई कमरे भर चुके थे, जिससे कर्मचारियों को बैठने में कठिनाई हो रही थी और आम जनता को भी असुविधा का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए एक समिति का गठन कर सारा कबाड़ बाहर निकाला गया है। अब इन वस्तुओं की नीलामी की जाएगी और प्राप्त राशि सरकारी खजाने में जमा करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से कार्यालय में कार्यसंस्कृति में सुधार होगा और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि उपमण्डल के अन्य विभागीय कार्यालयों में भी इस प्रक्रिया को लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First