Monday, September 28, 2026
Home Blog Page 38

पांवटा साहिब :बांगरन में मकान का आधा हिस्सा वह गोशाला गिरी

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पांवटा साहिब उपमंडल के बांगरन पुल के पास गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव तेज हो गया है, जिसके चलते नदी किनारे बसे घरों पर संकट मंडराने लगा है। सोमवार को एसडीएम और तहसीलदार पांवटा साहिब ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। अब तक 50 से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इस बीच कटाव की चपेट में आने से पाला राम पुत्र मोलक राम निवासी गांव बांगरन का मकान ढह गया। वहीं, राम कुमार पुत्र डिमा की गोशाला भी गिर गई। अन्य कई घरों पर भी खतरा बना हुआ है और लोग लगातार दहशत में हैं।

पाँवटा साहिब:- शीशा ग्राइंडिंग मशीन हादसे में युवक की मौत

न्यूज़डे नेटवर्क/पाँवटा साहिब : शिवालिक रबड़ प्राइवेट लिमिटेड, पुरुवाला में काम कर रहे सादिल (20 वर्ष), पुत्र श्री इंतज़ार, निवासी काडा वाडी, कादर चौक, बदायूं (उ.प्र.) की शीशा ग्राइंडिंग मशीन पर काम करते समय दुर्घटनावश मृत्यु हो गई। जानकारी के मुताबिक, वीरवार दोपहर करीब 12 बजे सादिल व उसके सहकर्मी शीशे को ग्राइंडिंग मशीन पर रख रहे थे। इस दौरान अचानक शीशा बीच से टूट गया और उसका टुकड़ा सादिल के पेट में जा लगा। गंभीर चोट लगने के कारण वह वहीं गिर पड़ा और खून बहने लगा।सहकर्मियों ने तुरंत उसे जे.सी. जुनेजा अस्पताल सुरजपुर पहुँचाया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव को परिजनों के आने के बाद सुपुर्द किया जाएगा और पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में करवाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जाँच शुरू कर दी है!

गिरीपार में महासू देवता का जागडा पर्व (पंचमी) 27 अगस्त को, तैयारियां पूरी

कपिल शर्मा/ पाँवटा साहिब । हिमाचल और उत्तराखंड के आराध्य देव न्याय के देवता चार भाई महासू का पवित्र जागडा पर्व (पंचमी) इस बार 27 अगस्त को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। महासू महाराज सिरमौर वह शिमला ज़िले में सर्वाधिक पूजें जाने वाले देवता में से एक है। सिरमौर ज़िला के गिरीपार क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

प्रतिवर्ष भादों महीने में यह पर्व महासू देवता के मंदिरों में आयोजित होता है। मान्यता है कि महासू देवता न्याय के देवता हैं और भक्तों के कष्टों का निवारण करते हैं। लोक आस्था के अनुसार, जब भी किसी भक्त को न्याय नहीं मिलता, तो वह महासू देवता की शरण में आता है। कहा जाता है कि देवता अपने भक्तों के दुख हरते हैं और दोषियों को उचित दंड देते हैं।

इस वर्ष 27 अगस्त की रात को पशमी, कोटी, द्राविल, शिल्ला, डाबरा, टटियाना, शमाँह, नगेता सहित गिरीपार क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सीद्धपीठ हनोल व छत्रधारी चालदा महासू मंदिर दसऊ की परंपरा के अनुसार रात्रि जागरण (जागरा) होगा। इस दौरान भजन-कीर्तन, महासू बिरसु, देव आराधना और लोकगीत गाए जाएंगे।

27 अगस्त को शुभ मुहूर्त में ‘देवनायणी’ (देवता का स्नान) अनुष्ठान सम्पन्न किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इन दिनों मंदिर समितियां और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा व व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। जागरा पर्व केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इस पर्व के दौरान गाँव में मेलों जैसी रौनक देखने को मिलती है। दूर-दराज़ से लोग आकर एक-दूसरे से मिलते हैं, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनि गूंजती है और आस्था का यह महापर्व पूरे गिरीपार क्षेत्र को भक्तिमय बना देता है।

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा सालवाला में जन धन से जन सुरक्षा कैंप आयोजित

न्यूज़डे नेटवर्क/पाँवटा साहिब:- हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक सालवाला-पुरुवाला शाखा द्वारा आज ग्राम पंचायत सालवाला में जन धन से जन सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता शाखा उप प्रबंधक श्री राजीव शर्मा एवं सहायक श्री अमर सिंह ने की। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा KYC अपडेट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान श्री प्रेम सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पाँवटा साहिब सिविल अस्पताल में नवजात शिशु की दुखद मौत

न्यूज़डे नेटवर्क/पांवटा साहिब:-  सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में मंगलवार को एक नवजात की दुखद मौत का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मौत का कारण नवजात की सांस की नली में दूध का चला जाना बताया जा रहा है। इस मामले में अस्पताल में तैनात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ आसिफ कुरेशी ने बताया कि परिजनों के मुताबिक 24 अगस्त को महिला ने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था। सोमवार को परिजन बच्चे को इंजेक्शन लगवाने के लिए सिविल अस्पताल लाए थे, लेकिन डिलीवरी के 72 घंटों तक जच्चा-बच्चा को दाखिल कर अंडर आब्जर्वेशन रखा जाता है। लिहाजा इस जच्चा-बच्चा को भी इस वजह से ही अस्पताल में दाखिल किया गया था। इसी बीच दुखद बात यह रही कि आज 26 अगस्त को नवजात को दूध पिलाते वक्त दूध उसकी सांस की नली में चला गया, जिसके कारण उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई। लिहाजा उसे मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रेफर किया गया परंतु बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया! हालाकि परिजनों ने कुछ मीडिया चैनल के माध्यम से डॉक्टरो पर लापरवाही बरतने वह गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप लगाए है परंतु परिजनों द्वारा पुलिस को किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने बारे कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और परिजनों ने बच्चे का पोस्टमाटम करवाने से भी इनकार कर दिया है।

वहीं अस्पताल के प्रभारी डॉ. सुधी गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को 6 नवजात शिशुओं को बी.सी.जी. इंजेक्शन हेल्थ सुपरवाइजर की देखरेख में लगाए गए। यदि इंजेक्शन से कोई समस्या होती तो और बच्चों को परेशानी हो सकती थी। उन्होंने बताया कि सांस की नली में दूध चले जाने के बाद तुरंत शिशु रोग विशेषज्ञ ने नवजात को प्राथमिक उपचार देते हुए वेंटीलेटर आवश्यकता के कारण उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया था, लेकिन नवजात ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। नवजात की मौत का सभी को दुख है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First