Tuesday, June 23, 2026
Home Blog Page 23

देहरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 84 हजार 694 सामान्य मतदाताओं में से 55 हजार 408 ने डाला वोट, 65.42 रहा मत प्रतिशत !

देहरा विधानसभा उपचुनाव में 65.42 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डालकर निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) शिल्पी बेक्टा ने बताया कि देहरा में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 84 हजार 694 सामान्य मतदाताओं में से 55 हजार 408 ने अपना वोट डाला। इनमें 29 हजार 152 महिला और 26 हजार 256 पुरुष मतदाता हैं। एसडीएम ने बताया कि वोटिंग के बाद सारी मतदान सामग्री को चुनाव आयोग के नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ ढलियारा कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिया गया है। यहां वोटिंग मशीनों को पूरी सुरक्षा के साथ रखा जाएगा। 13 जुलाई को यहीं मतगणना होगी। इसको लेकर चुनाव आयोग द्वारा सभी बंदोबस्त कर लिए गए हैं।
इस बार भी महिलाएं आगे
देहरा विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में इस बार भी महिलाओं ने अधिक संख्या में मतदान करते हुए 68 प्रतिशत का आंकड़ा पार किया। वहीं लगभग 62 प्रतिशत पुरूषों ने देहरा में अपने मताधिकार का उपयोग किया। पुरूषों से अधिक संख्या में मतदान कर महिलाओं ने एक बार फिर साबित किया कि वे घर-परिवार के साथ-साथ राष्ट्रीय और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी आगे हैं।
युवाओं ने निभाया फर्ज, बुजुर्ग भी दिखे चुस्त
विधानसभा उपचुनावों को लेकर इस बार देहरा निर्वाचन क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। युवा हो या बुजुर्ग, महिलाएं हो या पुरूष, सभी मतदाताओं ने लोकतांत्रित प्रक्रिया में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए बड़ी संख्या में देहरा विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डाला।
राजगढ़ की शिवानी, बाड़ी की ज्योती, लुदरेट के प्रेम शर्मा, देहरा के मानवी वालिया, अंचला शर्मा और शाश्वत ने पहली बार विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाला। पहली मर्तबा वोट डालने वाले यह युवा जहां एक तरफ काफी उत्साहित थे, वहीं क्षेत्र के प्रति अपना फर्ज निभाने का गौरव भी उनमें देखने को मिला। 
बुजुर्ग मतदाताओं ने भी इस दौरान वोट डालने के लिए स्फूर्ती दिखाई। हालांकि इन उपचुनावों में 737 बुजुर्ग मतदाताओं ने चुनाव आयोग द्वारा दिए गए होम वोटिंग के विकल्प का लाभ उठाकर अपने घरों से मतदान किया। वहीं मतदान केंद्रों में भी आज भारी संख्या में बुजुर्ग मतदाता अपना वोट डालने पहुंचे। अमरपुरी के धर्मचन्द, देहरा की सुरक्षा देवी, अभिलाषा देवी, राजकुमारी सहित कई बुजुर्ग मतदाताओं ने पोलिंग बूथों में जाकर वोट डाला तथा अनेकों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
मसोट मतदान केंद्र में सर्वाधिक और लुदरेट में सबसे कम वोट
देहरा विधानसभा उपचुनाव में आज हुए मतदान में 100-मसोट मतदान केंद्र में सर्वाधिक 80.46 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 307 मतदाताओं में से 247 ने अपना वोट डाला। वहीं लुदरेट पोलिंग बूथ में सबसे कम 49.39 प्रतिशत वोटिंग हुई।
यह हैं पिछले आंकड़े
देहरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चुनावों के मत प्रतिशत की बात करें तो 2022 में विधानसभा के आम चुनाव में यहां 71.39 प्रतिशत पोलिंग हुई थी। विधानसभा चुनाव-2022 में कुल 85 हजार 263 मतदाताओं में से 60 हजार 866 ने अपना वोट डाला था। इनमें 31551 महिला, 27621 पुरुष और 1694 डाक मतपत्र थे। वहीं हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा-2024 चुनावों में देहरा विधानसभा क्षेत्र में 65.09 प्रतिशत वोटिंग हुई। 84 हजार 491 मतदाताओं में से 54 हजार 996 मतदाताओं ने वोट डाला था। इनमें 29 हजार 142 महिलाएं और 25 हजार 854 पुरुष वोटर्स ने मतदान किया था।

पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर होंगे सार्वजनिक, अपने स्टेशन से नदारद रहने पर होगी तुरंत कारवाई

जिला में मानसून के चलते सूचना प्रणाली को मजबूती से स्थापित करने की दिशा में जिलाधीश अनुपम कश्यप ने सोमवार को सभी पटवारियों और कानूनगो के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किये जा रहे है।  जिलाधीश  अनुपम कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। ऐसे में जिला के भीतर  सूचना प्रणाली प्रभावी तभी बनेगी जब संबंधित क्षेत्र में पटवारी, कानूनगो से तुरंत सही सूचना प्राप्त होगी। इसी कड़ी में जिले के सभी कानूनगो और पटवारियों के नंबर सार्वजनिक किए जायेंगे। ताकि लोग तुरंत सूचना दे सके। मानसून के चलते कई अप्रिय घटना होने के आसार रहते हैं।  लोगों को जान,माल को नुकसान पहुंचाने वाली सूचनाएं सही समय पर न मिलने के कारण राहत कार्यों को अमलीजामा पहनाने में कई दिक्कतें पेश आती है। उन्होंने कहा कि जिला के लोगों को कम से कम समय में प्राथमिक सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे और जिलाधीश शिमला की वेबसाइट व फेसबुक पेज पर अपलोड किए जाएंगे। वहीं उपमण्डलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के मोबाईल नंबर भी सार्वजनिक किए  जाएंगे। जिलाधीश अनुपम कश्यप ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने अपने क्षेत्र के पटवारी कानूनगो का मोबाइल नंबर अपने आसपास के लोगों के साथ साझा करें और आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि बरसात में स्वयं भी सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। 
जिलाधीश ने सभी उपमंडल अधिकारियों को आदेश दिया है कि अपने अपने क्षेत्र में ऐसे क्षेत्रों का ब्यौरा दें जहां पर बरसात के कारण खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही ऐसे कौन कौन से घर है जो बरसात के कारण खतरे की चपेट में है। वहीं उक्त क्षेत्रों और घरों के लिए अभी तक क्या क्या सुरक्षा कदम उठाए गए है। इन सब का ब्यौरा एकत्रित किया जा रहा है। 
   
24x7उठाने होंगे जनता की फोन काॅल 
जिलाधीश के आदेशानुसार सभी कानूनगो और पटवारियों को लोगों की फोन कॉल्स 24x7उठाने होंगे। क्योंकि मानसून के चलते कभी भी अप्रिय घटना पेश आ जाती है। ऐसे में सूचना प्रशासन के पास कई बार  बहुत ही देरी से पहुंचती है। फील्ड में तैनात पटवारी ये सुनिश्चित करेंगे कि शीघ्र अति शीघ्र सूचना आला अधिकारियों को दें।  
 
अपने स्टेशन से नदारद रहने पर होगी तुरंत कारवाई
जिलाधीश ने आदेश दिए है कि पटवारी कानूनगो अगर अपने स्टेशन से नदारद पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तुरंत कारवाई अमल में लाई जाएगी। अगर कोई पटवारी या कानूनगो कार्यलाय के कार्य से संबधित स्टेशन छोड़ना चाहता है तो उसे अपने आला अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी। 
 
मोबाईल फोन न सुनने पर जिलाधीश से सीधे कर सकते है शिकायत
 पटवारी और कानूनगो लोगों की फोन कॉल्स नहीं सुनते है तो ऐसी स्थिति में लोग जिलाधीश से सीधे शिकायत कर सकते है। 

सिरमौर जिला में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 4 हजार 128 महिलाएं लाभान्वित, 1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए हुए व्यय

सिरमौर जिला में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 4 हजार 128 महिलाएं लाभान्वित,
1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए हुए व्यय। हमारे समाज में नारी को आदिकाल से ही विशिष्ट स्थान प्राप्त है और आज के समय में महिलाएं विकास की बयार में बराबर की भागीदार है। सरकार महिला सशक्तिकरण को विशेष अधिमान दे रही है, जिसके परिणामस्वरूप महिला सशक्तिकरण में हिमाचल प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए आरंभ की गई इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में जिला कल्याण कार्यालय के माध्यम से इस योजना को सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। जिला सिरमौर में अब तक 4 हजार 128 प्राप्त आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए हैं। जिले में अब तक 4 हजार 128 महिलाओं को 1500 रुपए की राशि प्रदान कर लाभान्वित किया जा चुका है और इन्हें तीन माह की एक मुश्त किश्त दी जा चुकी है, जिस पर अब तक 1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए व्यय किए जा चुके हैं। जिले के नाहन तहसील में 770 पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि पांवटा साहिब में 1595 महिलाओं, पच्छाद में 196 महिलाओं, शिलाई में 844 महिलाओं को, श्री रेणुकाजी में 468 महिलाओं और राजगढ़ में 255 पात्र महिलाओं को लाभान्वित किया गया है।इस योजना के तहत अब तक नाहन में 34 लाख 65 हजार रूपए की राशि व्यय की जा चुकी है व पांवटा साहिब में 71 लाख 77 हजार 500 रुपए, पच्छाद में 8 लाख 82 हजार रुपए, शिलाई में 37 लाख 98 हजार रुपए, श्री रेणुकाजी में 21 लाख 6 हजार रुपए और राजगढ़ में 11 लाख 47 हजार 500 रुपए पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए व्यय किए जा चुके हैं। महिलाओं को सशक्त करने के प्रयास में हिमाचल प्रदेश की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त कर, स्वस्थ समाज का निर्माण कर रही है।

हरियाणा के नारायणगढ़ में बरामद सिरमौर पुलिस का मुख्य आरक्षी जसवीर सैनी..

बहुचर्चित मुख्य आरक्षी गुमशुदगी मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। पुख्ता जानकारी के मुताबिक लापता मुख्य आरक्षी को हरियाणा के नारायणगढ़ के आसपास से बरामद कर लिया गया है। 12 जून की रात से मुख्य आरक्षी की सलामती की दुआएं मांगी जा रही थी। सीआईडी-क्राइम के डीआईजी डॉ॰ डीके चौधरी ने मुख्य आरक्षी जसवीर सैनी के बरामद होने की पुष्टि की है। डीआईजी ने कहा कि पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।बता दें कि मुख्य आरक्षी की सलामती को लेकर सोशल मीडिया में जमकर दुआएं मांगी जा रही थी। शुक्रवार सुबह से ही डीआईजी कालाअंब थाना में ही डेरा डाले हुए थे। सूत्र बता रहे हैं कि रात पौने 8 बजे तक डीआईजी भी मुख्य आरक्षी के कालाअंब पहुंचने का इंतजार कर रहे थे! जसवीर सैनी के सुरक्षित मिलने की ख़बर से उनके परिजनों ने भी राहत की साँस ली होगी! इससे पहले एसपी ऑफिस नाहन में मुख्य आरक्षी के परिजनों व ग्रामीणों ने जम कर नारेबाज़ी की थी तथा जसवीर सैनी को सुरक्षित ढूँढ निकालने की माँग कर रहे थे!

पॉवटा साहिब में पारा 43 के पार, भीषण गर्मी व पॉवर कट के कारण 15 जून को स्कूल रहेंगे बंद

पांवटा साहिब 14 जून – उपमंडल दण्डाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने पांवटा साहिब उप मंडल में भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून को बन्द रखने के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुसार उप-मंडल पांवटा साहिब के प्रशासनिक क्षेत्राधिकार में संचालित सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून को बन्द रखा जाएगा। इन आदेशों की अनुपालन उपनिदेशक उच्च शिक्षा तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। आदेशों में बताया कि असामान्य रूप से गर्म हीट वेव के रूप में जानी जाने वाली स्थितियां देखी गई हैं जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। उपमंडल पांवटा साहिब में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। इस उपमंडल के क्षेत्राधिकार में भीषण गर्मी के कारण तापमान में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। इस प्रतिकूल और कठोर गर्म मौसम के कारण क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक व निजी विद्यालयों के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जिस कारण जनहित में 15 जून को सभी सरकारी व निजी स्कूलों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए है।

पाँवटा साहिब में इस दिन बिज़ली आपूर्ति रहेगी बाधित,जानिए कौन से क्षेत्र होंगे प्रभावित

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में 15 जून दिन शनिवार को पावर कट लगने जा रहा है। शहर के 33 केवी बद्रीपुर सब-स्टेशन और 33 केवी मालवा फीडर पर शनिवार को बिजली सप्लाई सुबह 9:00 से कार्य समाप्ति तक बंद रहेगी। पावर कट से आइये जानते है कौन से क्षेत्र होंगे प्रभावित रहेंगे पांवटा बाज़ार, बद्रीपुर, जामनीवाला, तरुवाला, बहराल, बात्तामंडी, सुभ खेड़ा, देवीनगर, कृपालशिला, सिविल हॉस्पिटल, केदारपुर, भूपपुर आदि क्षेत्रों में संपूर्ण पावर कट रहेगा।

शिमला लोकसभा सीट पर मात्र रोहित ठाकुर ही कांग्रेस प्रत्याशी को दिला पाये बढ़त, उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान नहीं रोक सके भाजपा लहर..

शिमला लोकसभा सीट पर भले ही भाजपा के सुरेश कश्यप ने मोदी के नाम पर जीत हासिल कर ली हो, मगर 2019 की तुलना में इसे अच्छी परफॉर्मेंस नहीं कहा जा सकता। सुरेश कश्यप ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 327515 वोटों से जीत हासिल की थी। तो इस बार 90 हजार 548 वोटों से जीत हासिल की है। सुरेश कश्यप का कार्यकाल अच्छा नहीं रहा था हालाकि फिर भी भाजपा कार्यकृताओं को मात्र मोदी मैजिक से ही सुरेश कश्यप की नैया पार लगने की उम्मीद थी! उनकी इस जीत में सबसे बड़ा योगदान सोलन जिला का माना जा रहा है, जिसमें नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र है जहाँ से सुरेश कश्यप को कुल 40283 वोट मिले तथा दूसरे नंबर पर अर्की विधानसभा क्षेत्र है जहां से 40026 वोट भाजपा को मिले हैं। जिला का तीसरा स्थान दून विधानसभा ने लिया है, जहां से सुरेश कश्यप को 33521, वोट मिले ! जबकि विनोद सुल्तानपुरी को नालागढ़ से 25119, अर्की से 24142, दून से 20439 वोट मिले हैं। सोलन शहर से भले ही विनोद सुल्तानपुरी को 27109 वोट मिले हैं, मगर यह वोट बैंक 2019 के चुनाव से बड़ा है। सोलन से इस बार सुरेश कश्यप को 32125 वोट डले हैं। सोलन से उम्मीद पहले से कहीं अधिक थी क्योंकि माना जा रहा था कि यहां की कमान डॉ. राजीव बिंदल खुद संभाले हुए थे।
डॉ. राजीव बिंदल इससे पहले भी ना तो सोलन नगर निगम और ना ही भाजपा प्रत्याशी को विधानसभा चुनाव में जीत दिलवा पाए थे। वहीं इस लोकसभा चुनाव में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अपने विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेसी प्रत्याशी को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे हैं। जबकि अन्य चार मंत्री एक विधानसभा उपाध्यक्ष और यहां तक की राजनीतिक सलाहकार से लेकर कांग्रेसी विधायक भी अपने-अपने क्षेत्र से विनोद सुल्तानपुरी को लीड नहीं दिलवा पाए। इस लोकसभा चुनाव में शिमला पार्लियामेंट्री सीट पर यदि कोई सबसे दमदार साबित हुआ है तो वह पूर्व पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले गंगूराम मुसाफिर है। गंगूराम मुसाफिर के द्वारा सुरेश कश्यप को उनकी अपनी विधानसभा में ही मात्र 452 की लीड पर ही रोके रखा! कांग्रेस को केवल जुब्बल कोटखाई तथा रोहड़ू से ही लीड मिल पाई है। जिसमें रोहडू विधानसभा क्षेत्र से सुरेश कश्यप को 23346, जबकि विनोद सुल्तानपुरी को 32391, जुब्बल कोटखाई से सुरेश कश्यप को 24602 तथा विनोद सुल्तानपुरी को 30539 वोट मिले है। जिसमें एक सीपीएस और सरकार में मंत्री रोहित ठाकुर को क्रेडिट जाता है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी नहीं कर पाये कोई कमाल

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को विधानसभा उप चुनाओ में प्रभारी लगाया गया था परंतु अपने प्रभार क्षेत्र को छोड़कर उन्होंने शिलाई विधानसभा में गाँव-गाँव जाकर बैठके की ताकि कांग्रेस को मज़बूत लीड दिला सके और हाटी प्रभाव को नकार सके ! सरकार में प्रतिष्ठित ओहदे वाला पद होने के बावजूद भी कांग्रेस की लीड लाना तो दूर उल्टा भाजपा की 2317 वोट की लीड आ गई ! हालाँकि इस लीड लिए बीजेपी ने भी कोई ख़ास मेहनत नहीं की थी उनको भी हाटी का लाभ इस विधानसभा क्षेत्र में मिला ! वहीं ना तो जिला के भाजपा अध्यक्ष और ना ही मंडल अध्यक्ष पूरे लोकसभा क्षेत्र में कोई खास करामात दिखा पाए। जबकि पन्ना प्रमुख और एक आम भाजपा कार्यकर्ता सहित भाजपा युवा मोर्चा घर-घर तक जाकर और घर के हर व्यक्ति से संपर्क साध कर प्रत्याशी के गिले शिकवे दूर करवा रहा था।कुल मिलाकर कहा जाए तो भले ही भाजपा को इस सीट पर जीत मिली हो मगर कांग्रेस का मत प्रतिशत पहले से काफी अच्छा बढ़ा है। अब सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार को जिला सिरमौर के खोए हुए कांग्रेसी दुर्ग को फिर से फतेह करने के लिए गहन विचार विमर्श करना पड़ेगा!

चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो अधिकारी को किया गया निलंबित

हिमाचल प्रदेश में ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पीठासीन अधिकारी और सेक्टर ऑफिसर सस्पेंड कर दिया है।। ऊना के गगरेट में DC ने पीठासीन अधिकारी राकेश कुमार और सेक्टर ऑफिसर गोविंद कौशल को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया। दोनों अधिकारियों ने लोकसभा चुनाव EVM मशीन विधानसभा उपचुनाव के लिए लगा दी और उपचुनाव की मशीन लोकसभा चुनाव के लिए लगा दी। जब तक इसका खुलासा हुआ तब तक करीब 50 लोग वोट डाल चुके थे। ऊना DC ने दावा किया कि जो लोग सुबह दूसरी ईवीएम में वोट डाल चुके थे,उन सभी के दोबारा वोट डलवा दिए गए!

01 जून को बिना वेतन कटौती का मतदान अवकाश मिलेगा-श्रम अधिकारी

जिला श्रम अधिकारी सिरमौर ने बताया कि लोकसभा चुनाव के अन्तर्गत एक जून को होने वाले मतदान के चलते सभी व्यक्तियों जो किसी भी व्यवसाय, व्यापार, कारखाने व किसी भी शिक्षण संस्थान में कार्यरत है बिना वेतन कटौती के सभी को मतदान हेतु अवकाश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि कि एक जून को होने वाले मतदान के दिन सभी औद्योगिक संस्थान बाजार व दुकानें बंद रखी जाएगी। जिला श्रम अधिकारी ने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135-बी के तहत यह आदेश जारी किये गये हैं

उपमंडल पाँवटा साहिब वह कफोटा के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूल 29 से 31 मई तक रहेंगे बंद..

उपमंडल दण्डाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने पांवटा साहिब उप मंडल में भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों को 29 से 31 मई तक जनहित में बन्द रखने के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुसार उप-मंडल पांवटा साहिब के प्रशासनिक क्षेत्राधिकार में संचालित सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों को 29 से 31 मई तक बन्द रखा जाएगा। इन आदेशों की अनुपालन उपनिदेशक उच्च शिक्षा तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। आदेशों में बताया कि जिले के विभिन्न भागों में असामान्य रूप से गर्म हीट वेव के रूप में जानी जाने वाली स्थितियां देखी गई हैं जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है साथ ही मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में हीट वेव की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है। ज़िले के अन्य भागों की भाँति उपमंडल पांवटा साहिब में भी पिछले दो-तीन दिनों से अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। इस उपमंडल के क्षेत्राधिकार में भीषण गर्मी के कारण तापमान में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। इस प्रतिकूल और कठोर गर्म मौसम के कारण क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक व निजी विद्यालयों के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जिस कारण जनहित में 29 से 31 मई तक स्कूलों को बंद किया गया है।

कफोटा उप-मंडल के पांच पटवार सर्कलों के स्कूल भी रहेंगे बंद

एस.डी.एम. कफोटा राजेश वर्मा ने एक आदेश जारी कर कफोटा उप मंडल के तहत पड़ने वाले पांच पटवार सर्कलों के स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों को 29 मई से 31 मई 2024 तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। एस.डी.एम. द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कफोटा उप मंडल के तहत पटवार सर्कल भजौण, सतौन, जामना, शारली-मानपुर और पटवार सर्कल बड़वास के समस्त पब्लिक और प्राईवेट स्कूलों, प्ले स्कूल और आंगनवाड़ी केन्द्रों को 29 मई से 31 मई तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। एसडीएम द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि उप निदेशक उच्च एवं प्रारम्भिक शिक्षा इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित बनायेंगे।

पाँवटा साहिब के इन इलाको में रहेगा पॉवर कट, शहर में पारा है 42 डिग्री के पार !

इन दिनों पाँवटा साहिब शहर का पारा 42 डिग्री के ऊपर जा रहा है गर्मी से लोगो का बुरा हाल हुआ पड़ा है सूर्य देवता आग बरसा कर लोगो को बेहाल कर रहे हैं! अब रही कही कसर बिज़ली विभाग पूरी करने जा रहा है पांवटा साहिब में कल पावर कट लगने जा रहा है। ओवरलोडिंग की समस्या के समाधान के लिए लोड के पुनर्गठन और NH-707 चौड़ीकरण कार्य के चलते दिनांक 28 मई दिन मंगलवार को 33 केवी मालवा फीडर पर सुबह 9 से काम समाप्त होने तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी!
मतलब की शाम को बिज़ली आने का कोई निश्चित समय नहीं रहेगा! पावर कट में प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में पांवटा साहिब, बद्रीपुर, जामनीवाला, तारुवाला, बहराल, बातामंडी आदि शामिल है। वहीं बिजली बोर्ड द्वारा पांवटा साहिब की जनता से प्रातः 9 बजे से पहले सभी आवश्यक काम निपटाने के साथ ही सहयोग की अपील की गई है।

भीषण गर्मी के चलते पांवटा साहिब के सभी स्कूलों के समय में किया जाये संशोधन-एसडीएम पाँवटा साहिब

पांवटा साहिब 20 मई – उपमंडल दण्डाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने पांवटा साहिब उप मंडल में भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों के खुल्ले तथा बंद होने के समय में संशोधन करने के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुसार उप-मंडल पांवटा साहिब के प्रशासनिक क्षेत्राधिकार में संचालित सार्वजनिक व निजी विद्यालयों के खुलने का समय सुबह 07:30 बजे तथा बंद होने का समय दोपहर 01-00 बजे निर्धारित किया गया है। इससे पहले उच्च शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश ने भी इस के संदर्भ में नॉटिफ़िकेशन जारी की है!


यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा अगले आदेश तक वैध रहेंगे। इन आदेशों का अनुपालन उपनिदेशक उच्च शिक्षा तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति या अधिकारी द्वारा जारी आदेश का पालन करने में बाधा डालने या प्रतिरोध करने पर कानून के उचित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न भागों में असामान्य रूप से गर्म हीट वेव के रूप में जानी जाने वाली स्थितियां देखी गई हैं साथ ही मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में हीट वेव की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उपमंडल पांवटा साहिब भी तीव्र हीट वेव की चपेट में है और इस उपमंडल के क्षेत्राधिकार में भीषण गर्मी के कारण तापमान में 45 डिग्री सेल्सियस तक की अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल और कठोर गर्म मौसम की स्थिति के कारण क्षेत्र के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है दोपहर के समय स्कूल खुले रहते हैं, जिससे विद्यार्थियों पर हीट स्ट्रोक का प्रभाव अधिक पड़ता है। उन्होंने विद्यालयों को सलाह दी कि वे इस अवधि के दौरान खुली हवा में कोई भी गतिविधि न करें तथा बच्चों को पीने का उचित पानी उपलब्ध करवाएं।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First