पांवटा साहिब, 31 मई (कपिल शर्मा): पंचायत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपजे एक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। थाना पुरुवाला क्षेत्र में आने वाले गांव ज्वालापुर के एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उपरोक्त व्यक्ति की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में सुखदेव सिंह (उम्र 38) निवासी गांव ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़ ने बताया कि 30 मई को पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इस दौरान वह रास्ते में अपने घर के समीप स्थित तिलक राज चौधरी के पी.जी में कुछ समय के लिए बैठ गया। आरोप है कि इसी दौरान तिलक राज वहां हाथ में डंडा लेकर पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने सुखदेव सिंह के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में शिकायतकर्ता को चोटें आई हैं। मामले की शिकायत मिलने पर थाना पुरुवाला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है! एस.पी. सिरमौर ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


