पांवटा साहिब, 17 मई (कपिल शर्मा) : नगर परिषद पांवटा साहिब के 13 वार्डों के लिए शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। नगर परिषद चुनाव में कुल 18,248 मतदाताओं में से 12,020 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 65.87 दर्ज किया गया। महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उत्साहजनक रही और महिला मतदान प्रतिशत 64.76 रहा।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। हालांकि दोपहर में भीषण गर्मी के कारण मतदान की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई, लेकिन शाम होते-होते कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन की ओर से सभी 25 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे! वार्डवार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 8 में सबसे अधिक 77.83 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद वार्ड नंबर 9 में 76.73 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर वार्ड में 74.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम मतदान वार्ड नंबर 6 में 53.07 प्रतिशत रहा। वार्ड नंबर 4 में 59.15 प्रतिशत और वार्ड नंबर 3 में 60.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड नंबर 5 में 61.81 प्रतिशत, वार्ड नंबर 12 में 61.94 प्रतिशत, वार्ड नंबर 1 में 65.19 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर 10 में 65.93 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं वार्ड नंबर 13 में 68.11 प्रतिशत और वार्ड नंबर 11 में 70.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।नगर परिषद चुनाव में पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 9,072 महिला मतदाताओं में से 5,875 महिलाओं ने मतदान किया। वहीं पुरुष मतदाताओं में 9,174 में से 6,144 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया !चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार कई वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।


