पांवटा साहिब, 30 अप्रैल (कपिल शर्मा): जिला सिरमौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन की सेहत को ध्यान में रखते हुए सख्त रुख अपनाया है। फ़ूड सेफ़्टी ऑफिसर प्रियंका कश्यप के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पांवटा साहिब बस स्टैंड पर स्थित दुकानों का औचक निरीक्षण किया दरअसल, विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बस स्टैंड पर कई दुकानदार खुले में खाने-पीने की वस्तुएं बेच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के अंदर दुकानों से पानी, मिठाई और लीची जूस के तीन सैंपल एकत्रित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि दो दुकानदार बिना लाइसेंस के खाद्य पदार्थ बेच रहे थे, जिनके खिलाफ नियमानुसार चालान किया गया। फ़ूड सेफ़्टी ऑफिसर प्रियंका कश्यप ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और खाद्य सामग्री को ढककर व ताजा ही बेचें। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि गर्मी के मौसम में बाहर के खुले खाद्य पदार्थों से परहेज करें और घर का ताजा व स्वच्छ भोजन ही ग्रहण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे भी इस तरह के निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


