पांवटा साहिब, 29 अप्रैल (कपिल शर्मा): जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 अप्रैल को पांवटा साहिब पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रक यूनियन के पास एक टेम्पो से 1,104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने रविकांत उर्फ बंटी पुत्र रतन सिंह निवासी टोका नगला (जामनीवाला, पांवटा साहिब) और विकास पुत्र चंद्रभान निवासी मरवा (सडोली, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया था। पुलिस हिरासत में गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के चिलकाना थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर ढलानी गांव में स्थित गफ्फार (51) पुत्र स्व0 रशीद निवासी गांव गोवर्धनपुर ढलानी, डा0 पठेड़, थाना चिलकाना, तहसील व जिला सहारनपुर उ0प्र0 के घर पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए कट्टे से 7,440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस तरह कुल मिलाकर अब तक कुल 8,544 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जो नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। एस.पी. सिरमौर ने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और चाहे तस्कर प्रदेश के हों या बाहरी राज्यों के, उन्हें ढूंढ-ढूंढकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।


