Sunday, September 27, 2026
Home Blog Page 57

देहरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 84 हजार 694 सामान्य मतदाताओं में से 55 हजार 408 ने डाला वोट, 65.42 रहा मत प्रतिशत !

देहरा विधानसभा उपचुनाव में 65.42 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डालकर निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) शिल्पी बेक्टा ने बताया कि देहरा में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 84 हजार 694 सामान्य मतदाताओं में से 55 हजार 408 ने अपना वोट डाला। इनमें 29 हजार 152 महिला और 26 हजार 256 पुरुष मतदाता हैं। एसडीएम ने बताया कि वोटिंग के बाद सारी मतदान सामग्री को चुनाव आयोग के नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ ढलियारा कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिया गया है। यहां वोटिंग मशीनों को पूरी सुरक्षा के साथ रखा जाएगा। 13 जुलाई को यहीं मतगणना होगी। इसको लेकर चुनाव आयोग द्वारा सभी बंदोबस्त कर लिए गए हैं।
इस बार भी महिलाएं आगे
देहरा विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में इस बार भी महिलाओं ने अधिक संख्या में मतदान करते हुए 68 प्रतिशत का आंकड़ा पार किया। वहीं लगभग 62 प्रतिशत पुरूषों ने देहरा में अपने मताधिकार का उपयोग किया। पुरूषों से अधिक संख्या में मतदान कर महिलाओं ने एक बार फिर साबित किया कि वे घर-परिवार के साथ-साथ राष्ट्रीय और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी आगे हैं।
युवाओं ने निभाया फर्ज, बुजुर्ग भी दिखे चुस्त
विधानसभा उपचुनावों को लेकर इस बार देहरा निर्वाचन क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। युवा हो या बुजुर्ग, महिलाएं हो या पुरूष, सभी मतदाताओं ने लोकतांत्रित प्रक्रिया में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए बड़ी संख्या में देहरा विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डाला।
राजगढ़ की शिवानी, बाड़ी की ज्योती, लुदरेट के प्रेम शर्मा, देहरा के मानवी वालिया, अंचला शर्मा और शाश्वत ने पहली बार विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाला। पहली मर्तबा वोट डालने वाले यह युवा जहां एक तरफ काफी उत्साहित थे, वहीं क्षेत्र के प्रति अपना फर्ज निभाने का गौरव भी उनमें देखने को मिला। 
बुजुर्ग मतदाताओं ने भी इस दौरान वोट डालने के लिए स्फूर्ती दिखाई। हालांकि इन उपचुनावों में 737 बुजुर्ग मतदाताओं ने चुनाव आयोग द्वारा दिए गए होम वोटिंग के विकल्प का लाभ उठाकर अपने घरों से मतदान किया। वहीं मतदान केंद्रों में भी आज भारी संख्या में बुजुर्ग मतदाता अपना वोट डालने पहुंचे। अमरपुरी के धर्मचन्द, देहरा की सुरक्षा देवी, अभिलाषा देवी, राजकुमारी सहित कई बुजुर्ग मतदाताओं ने पोलिंग बूथों में जाकर वोट डाला तथा अनेकों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
मसोट मतदान केंद्र में सर्वाधिक और लुदरेट में सबसे कम वोट
देहरा विधानसभा उपचुनाव में आज हुए मतदान में 100-मसोट मतदान केंद्र में सर्वाधिक 80.46 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 307 मतदाताओं में से 247 ने अपना वोट डाला। वहीं लुदरेट पोलिंग बूथ में सबसे कम 49.39 प्रतिशत वोटिंग हुई।
यह हैं पिछले आंकड़े
देहरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चुनावों के मत प्रतिशत की बात करें तो 2022 में विधानसभा के आम चुनाव में यहां 71.39 प्रतिशत पोलिंग हुई थी। विधानसभा चुनाव-2022 में कुल 85 हजार 263 मतदाताओं में से 60 हजार 866 ने अपना वोट डाला था। इनमें 31551 महिला, 27621 पुरुष और 1694 डाक मतपत्र थे। वहीं हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा-2024 चुनावों में देहरा विधानसभा क्षेत्र में 65.09 प्रतिशत वोटिंग हुई। 84 हजार 491 मतदाताओं में से 54 हजार 996 मतदाताओं ने वोट डाला था। इनमें 29 हजार 142 महिलाएं और 25 हजार 854 पुरुष वोटर्स ने मतदान किया था।

पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर होंगे सार्वजनिक, अपने स्टेशन से नदारद रहने पर होगी तुरंत कारवाई

जिला में मानसून के चलते सूचना प्रणाली को मजबूती से स्थापित करने की दिशा में जिलाधीश अनुपम कश्यप ने सोमवार को सभी पटवारियों और कानूनगो के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किये जा रहे है।  जिलाधीश  अनुपम कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। ऐसे में जिला के भीतर  सूचना प्रणाली प्रभावी तभी बनेगी जब संबंधित क्षेत्र में पटवारी, कानूनगो से तुरंत सही सूचना प्राप्त होगी। इसी कड़ी में जिले के सभी कानूनगो और पटवारियों के नंबर सार्वजनिक किए जायेंगे। ताकि लोग तुरंत सूचना दे सके। मानसून के चलते कई अप्रिय घटना होने के आसार रहते हैं।  लोगों को जान,माल को नुकसान पहुंचाने वाली सूचनाएं सही समय पर न मिलने के कारण राहत कार्यों को अमलीजामा पहनाने में कई दिक्कतें पेश आती है। उन्होंने कहा कि जिला के लोगों को कम से कम समय में प्राथमिक सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे और जिलाधीश शिमला की वेबसाइट व फेसबुक पेज पर अपलोड किए जाएंगे। वहीं उपमण्डलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के मोबाईल नंबर भी सार्वजनिक किए  जाएंगे। जिलाधीश अनुपम कश्यप ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने अपने क्षेत्र के पटवारी कानूनगो का मोबाइल नंबर अपने आसपास के लोगों के साथ साझा करें और आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि बरसात में स्वयं भी सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। 
जिलाधीश ने सभी उपमंडल अधिकारियों को आदेश दिया है कि अपने अपने क्षेत्र में ऐसे क्षेत्रों का ब्यौरा दें जहां पर बरसात के कारण खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही ऐसे कौन कौन से घर है जो बरसात के कारण खतरे की चपेट में है। वहीं उक्त क्षेत्रों और घरों के लिए अभी तक क्या क्या सुरक्षा कदम उठाए गए है। इन सब का ब्यौरा एकत्रित किया जा रहा है। 
   
24x7उठाने होंगे जनता की फोन काॅल 
जिलाधीश के आदेशानुसार सभी कानूनगो और पटवारियों को लोगों की फोन कॉल्स 24x7उठाने होंगे। क्योंकि मानसून के चलते कभी भी अप्रिय घटना पेश आ जाती है। ऐसे में सूचना प्रशासन के पास कई बार  बहुत ही देरी से पहुंचती है। फील्ड में तैनात पटवारी ये सुनिश्चित करेंगे कि शीघ्र अति शीघ्र सूचना आला अधिकारियों को दें।  
 
अपने स्टेशन से नदारद रहने पर होगी तुरंत कारवाई
जिलाधीश ने आदेश दिए है कि पटवारी कानूनगो अगर अपने स्टेशन से नदारद पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तुरंत कारवाई अमल में लाई जाएगी। अगर कोई पटवारी या कानूनगो कार्यलाय के कार्य से संबधित स्टेशन छोड़ना चाहता है तो उसे अपने आला अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी। 
 
मोबाईल फोन न सुनने पर जिलाधीश से सीधे कर सकते है शिकायत
 पटवारी और कानूनगो लोगों की फोन कॉल्स नहीं सुनते है तो ऐसी स्थिति में लोग जिलाधीश से सीधे शिकायत कर सकते है। 

सिरमौर जिला में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 4 हजार 128 महिलाएं लाभान्वित, 1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए हुए व्यय

सिरमौर जिला में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 4 हजार 128 महिलाएं लाभान्वित,
1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए हुए व्यय। हमारे समाज में नारी को आदिकाल से ही विशिष्ट स्थान प्राप्त है और आज के समय में महिलाएं विकास की बयार में बराबर की भागीदार है। सरकार महिला सशक्तिकरण को विशेष अधिमान दे रही है, जिसके परिणामस्वरूप महिला सशक्तिकरण में हिमाचल प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए आरंभ की गई इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में जिला कल्याण कार्यालय के माध्यम से इस योजना को सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। जिला सिरमौर में अब तक 4 हजार 128 प्राप्त आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए हैं। जिले में अब तक 4 हजार 128 महिलाओं को 1500 रुपए की राशि प्रदान कर लाभान्वित किया जा चुका है और इन्हें तीन माह की एक मुश्त किश्त दी जा चुकी है, जिस पर अब तक 1 करोड़ 85 लाख 76 हजार रुपए व्यय किए जा चुके हैं। जिले के नाहन तहसील में 770 पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि पांवटा साहिब में 1595 महिलाओं, पच्छाद में 196 महिलाओं, शिलाई में 844 महिलाओं को, श्री रेणुकाजी में 468 महिलाओं और राजगढ़ में 255 पात्र महिलाओं को लाभान्वित किया गया है।इस योजना के तहत अब तक नाहन में 34 लाख 65 हजार रूपए की राशि व्यय की जा चुकी है व पांवटा साहिब में 71 लाख 77 हजार 500 रुपए, पच्छाद में 8 लाख 82 हजार रुपए, शिलाई में 37 लाख 98 हजार रुपए, श्री रेणुकाजी में 21 लाख 6 हजार रुपए और राजगढ़ में 11 लाख 47 हजार 500 रुपए पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए व्यय किए जा चुके हैं। महिलाओं को सशक्त करने के प्रयास में हिमाचल प्रदेश की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त कर, स्वस्थ समाज का निर्माण कर रही है।

हरियाणा के नारायणगढ़ में बरामद सिरमौर पुलिस का मुख्य आरक्षी जसवीर सैनी..

बहुचर्चित मुख्य आरक्षी गुमशुदगी मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। पुख्ता जानकारी के मुताबिक लापता मुख्य आरक्षी को हरियाणा के नारायणगढ़ के आसपास से बरामद कर लिया गया है। 12 जून की रात से मुख्य आरक्षी की सलामती की दुआएं मांगी जा रही थी। सीआईडी-क्राइम के डीआईजी डॉ॰ डीके चौधरी ने मुख्य आरक्षी जसवीर सैनी के बरामद होने की पुष्टि की है। डीआईजी ने कहा कि पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।बता दें कि मुख्य आरक्षी की सलामती को लेकर सोशल मीडिया में जमकर दुआएं मांगी जा रही थी। शुक्रवार सुबह से ही डीआईजी कालाअंब थाना में ही डेरा डाले हुए थे। सूत्र बता रहे हैं कि रात पौने 8 बजे तक डीआईजी भी मुख्य आरक्षी के कालाअंब पहुंचने का इंतजार कर रहे थे! जसवीर सैनी के सुरक्षित मिलने की ख़बर से उनके परिजनों ने भी राहत की साँस ली होगी! इससे पहले एसपी ऑफिस नाहन में मुख्य आरक्षी के परिजनों व ग्रामीणों ने जम कर नारेबाज़ी की थी तथा जसवीर सैनी को सुरक्षित ढूँढ निकालने की माँग कर रहे थे!

पॉवटा साहिब में पारा 43 के पार, भीषण गर्मी व पॉवर कट के कारण 15 जून को स्कूल रहेंगे बंद

पांवटा साहिब 14 जून – उपमंडल दण्डाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने पांवटा साहिब उप मंडल में भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून को बन्द रखने के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुसार उप-मंडल पांवटा साहिब के प्रशासनिक क्षेत्राधिकार में संचालित सभी सार्वजनिक व निजी विद्यालयों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून को बन्द रखा जाएगा। इन आदेशों की अनुपालन उपनिदेशक उच्च शिक्षा तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। आदेशों में बताया कि असामान्य रूप से गर्म हीट वेव के रूप में जानी जाने वाली स्थितियां देखी गई हैं जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। उपमंडल पांवटा साहिब में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। इस उपमंडल के क्षेत्राधिकार में भीषण गर्मी के कारण तापमान में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। इस प्रतिकूल और कठोर गर्म मौसम के कारण क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक व निजी विद्यालयों के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जिस कारण जनहित में 15 जून को सभी सरकारी व निजी स्कूलों सहित प्ले स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए है।

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First