पाँवटा साहिब, 13 जनवरी (न्यूज़डे नेटवर्क): पाँवटा साहिब के आंजभोज क्षेत्र का टोंरु गांव सामाजिक सुधारों की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है। गांव के बुजुर्गों, युवाओं और मातृशक्ति ने एकजुट होकर गांवहित में कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय लिए हैं, जिनका लिखित प्रारूप भी तैयार किया गया है। इन फैसलों का उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना, अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाना तथा गांव में समानता, सादगी और भाईचारे को बढ़ावा देना है।ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों के अनुसार अब शादी के बाद गांव में आयोजित होने वाली ‘पलटोज पार्टी’ को सीमित किया जाएगा, जिसमें केवल अपने बेड़े और गांव के प्रमुख लोगों को ही आमंत्रित किया जाएगा। वहीं ‘दस उठन’ की परंपरा अब केवल बड़े पुत्र के जन्म पर ही आयोजित होगी। इसके बाद जन्म लेने वाले पुत्र या पुत्री के अवसर पर केवल चार-पांच निकटतम परिवारों को ही आमंत्रण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, गांव में शादी-विवाह के दौरान शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है तथा शराब की बिक्री पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। महिलाओं को दिए जाने वाले घी, शक्कर, चीनी, सिक्के, कपड़े, बर्तन अथवा किसी भी प्रकार के उपहार देने की प्रथा को समाप्त कर दिया गया है। साथ ही महिलाओं और पुरुषों को दिए जाने वाले दिन के ‘टोलूआ’ में बकरा देने की परंपरा भी अब नहीं रहेगी।
विवाह समारोह में डीजे कार्यक्रम केवल एक दिन, वह भी विवाह के मुख्य दिन सीमित और नियंत्रित रूप में आयोजित किया जाएगा। शोक एवं बरसी से जुड़े कार्यक्रम भी अब केवल अपने बेड़े तक सीमित रहेंगे। 13 दिन का शोक रखने वाले परिवार के अतिरिक्त बेड़े से केवल दो-तीन लोगों को ही आमंत्रित किया जाएगा। पंचायत प्रधान कमला देवी, सूरत सिंह, mitrगांव के बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा लिए गए ये निर्णय न केवल आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे, बल्कि आंजभोज क्षेत्र के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे। यह पहल समाज कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


