पांवटा साहिब, 6 अक्तूबर — गुरु की नगरी पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का समापन सूफी सुरों और पहाड़ी नाटियों की मधुर धुनों के बीच हुआ। नगर परिषद मैदान में हुई अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सूफी गायक कंवर ग्रेवाल और नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा मैदान संगीत और उल्लास से सराबोर हो गया।
कंवर ग्रेवाल ने अपनी सूफियाना आवाज़ में “चित्त चढ़े आना” और अन्य लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सादगी और मंच पर ऊर्जा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, पहाड़ी गीतों के शहंशाह कुलदीप शर्मा ने एक से बढ़कर एक नाटी और लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह लोकधुनों में रंग दिया। सांस्कृतिक संध्या में दलजीत सिंह, आर.जे. शैंकी, रघुवीर सिंह और अभिज्ञा द बैंड के कलाकारों ने भी जोशीली प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि रहीं डी.सी. प्रियंका वर्मा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डी.सी. सिरमौर प्रियंका वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर संध्या का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने यमुना घाट पर आरती में भी भाग लिया और परिवार सहित पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष महोत्सव को एक नए और सांस्कृतिक रूप में मनाने का प्रयास किया गया है, जो बेहद सराहनीय है। डी.सी. ने इस अवसर पर यमुना शरद महोत्सव की स्मारिका का भी विमोचन किया।
बारिश के बावजूद उत्साह बरकरार
हालांकि दिनभर पांवटा साहिब में भारी बारिश होती रही, लेकिन शाम को दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। नगर परिषद मैदान में बड़ी संख्या में लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने पहुंचे और देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लिया।
कार्यक्रम में एस.डी.एम. गुंजीत सिंह चीमा, डी.एस.पी. मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, निर्मल कौर, ओम प्रकाश कटारिया, राजेंद्र तिवारी, मोहित बम्बानी, असगर अली, अवनीत सिंह लांबा समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


