न्यूज़डे नेटवर्क डेस्क:- सिरमौर जिले में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर सभी विकास खंडों के रॉस्टर जारी कर दिए गए हैं। लेकिन विकास खंड शिलाई के प्रधान पद के लिए जारी रॉस्टर में वर्ष 2025 की तारीख अंकित होने से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। रॉस्टर सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और लोग यह समझ नहीं पा रहे थे कि क्या यह पुराना दस्तावेज है या फिर कोई नई सूची? कई लोगों ने एक-दूसरे से फोन के माध्यम से संपर्क कर जानकारी का सत्यापन करना शुरू कर दिया। हालांकि, जब अन्य विकास खंडों के रॉस्टर भी एक साथ सामने आए और एसडीएम शिलाई की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिली। अब इसे महज एक क्लेरिकल मिस्टेक माना जा रहा है, इसके बावजूद, तारीख को लेकर लोगों में कुछ समय तक असमंजस बना रहा।


