शिलाई, 24 जनवरी (न्यूज़डे नेटवर्क): उपमंडल के पश्मी में स्थित छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज के पावन श्रीचरणों में “देश दिनेश मीडिया” के वार्षिक कैलेंडर-2026 का विधिवत अनावरण किया गया। कैलेंडर का विमोचन मंदिर प्रांगण में महाराज के पुजारी हरिचंद जी के कर-कमलों द्वारा किया गया।इस अवसर पर पुजारी हरिचंद जी ने “देश दिनेश मीडिया” द्वारा प्रकाशित पंचम वार्षिक कैलेंडर की सराहना करते हुए संस्थान को शुभकामनाएँ दीं तथा अपने आशीर्वाद से नवाज़ा। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करता है और ऐसे प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए।
“देश दिनेश मीडिया” के संस्थापक संपादक दिनेश पुंडीर ने कैलेंडर प्रकाशन एवं अनावरण कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य व्यक्तियों, मंदिर समिति तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संस्था के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचम संस्करण का यह कैलेंडर विशेष रूप से पश्मी स्थित छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज के नवनिर्मित मंदिर की छायाचित्र के साथ प्रकाशित किया गया है, जो सभी के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।
कैलेंडर अनावरण समारोह में एसडीएम शिलाई जसपाल कपूर, महाराज मंदिर पश्मी के बजीर दिनेश चौहान, महासू महाराज मंदिर समिति पश्मी के अध्यक्ष प्रकाश चौहान, समिति सदस्य बंशी चौहान, श्री सत्यानंद गोधाम के संचालक सचिन ओबरॉय, वरिष्ठ पत्रकार जगत सिंह तोमर, बारू राम चौहान तथा शिलाई-कफोटा क्षेत्र से देश दिनेश मीडिया के पत्रकार राहुल पुंडीर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


