Sunday, March 1, 2026

यमुना विहार कॉलोनी व भाटावाली सीमा का मुख्य मार्ग बदहाल, लोगों ने एसडीएम से लगाई गुहार

- Advertisement -

पांवटा साहिब, 16 फ़रवरी (कपिल शर्मा): पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 5 तथा ग्राम पंचायत भाटावाली की सीमा क्षेत्र में स्थित आम मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। यह सड़क ग्राम पंचायत और नगर परिषद की सीमा से होकर गुजरती है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार, पूनम, प्रेम रत्तन के अनुसार यह मार्ग यमुना विहार से भूपपुर ग्राम की ओर जाता है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग महिला-पुरुष, नौकरीपेशा लोग और मरीज इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और कीचड़ होने के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों ने समस्या के समाधान की ओर गंभीरता नहीं दिखाई।

वार्ड निवासी दीक्षित ने बताया कि इस मार्ग के सुधार को लेकर नगर परिषद और ग्राम पंचायत दोनों को पहले भी लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग मात्र 100 से 150 मीटर तक ही बनना है, फिर भी वर्षों से इसकी अनदेखी की जा रही है। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही इस छोटे से हिस्से का निर्माण करवा दिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर पक्का किया जाए। अब क्षेत्रवासियों ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) पांवटा साहिब से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि प्रशासन स्वयं संज्ञान लेकर यमुना विहार से भूपपुर ग्राम की ओर जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का निरीक्षण करे और शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करवाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

क्या बोले एसडीएम पांवटा

एसडीएम पांवटा साहिब गुंजित चीमा ने बताया कि यह सड़क नगर परिषद व पंचायत की सीमा के साथ लगती है और सीमा क्षेत्र होने के कारण जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही थीं इसी कारण काम लटका हुआ है मैंने नगर परिषद के ई०ओ० वह बी०डी०ओ० को बिठा कर इसके जल्द ही समाधान के निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही मार्ग को दुरुस्त करवाया दिया जाएगा!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Advertisements

Live Tv

न्यू अपडेट
राशिफल
लाइव स्कोर
आज का मौसम

अन्य खबरे

error: Newsday Network Content is protected !! Plz Subscribe Newsday Network Website First