पांवटा साहिब, 4 अप्रैल (कपिल शर्मा ) : पांवटा साहिब-देहरादून फोरलेन परियोजना जहां क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने जा रही है, वहीं पांवटा साहिब बाईपास (भूपपुर) से उत्तराखंड के कुल्हाल को जोड़ने वाला 1150 मीटर व लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नया पुल उद्घाटन से पहले ही सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चिंता बनता जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह पुल औपचारिक शुरूआत की प्रतीक्षा में है, लेकिन इस बीच बिना किसी निगरानी के यह मार्ग अवैध गतिविधियों का नया रास्ता बन गया है।
दरअसल, इस पुल के चालू होने से देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को पांवटा साहिब शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। मगर फिलहाल स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। पुल पर न तो पुलिस की तैनाती है और न ही कोई बेरियल लगाया गया है, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बिना किसी जांच के आवाजाही हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस खुले रास्ते का फायदा उठाकर नशा तस्कर और चोर सक्रिय हो गए हैं। हाल ही में भूपपुर स्थित एक मारुति सुजुकी शोरूम में हुई चोरी की घटना को भी इसी पुल से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुल के जरिए पैदल पांवटा साहिब पहुंचा, वारदात को अंजाम दिया और फिर उसी रास्ते से फरार हो गया। इसके अलावा बरेली, सहारनपुर, देहरादून और विकासनगर की ओर से आने वाले तस्कर इस मार्ग का इस्तेमाल कर स्मैक और नशीले कैप्सूल जैसी वस्तुएं क्षेत्र में पहुंचा रहे हैं, जिससे हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो यह पुल सुविधा के बजाय अपराध का केंद्र बन सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के औपचारिक उद्घाटन से पहले ही यहां पुलिस नाका स्थापित किया जाए, दोनों ओर बेरियल लगाए जाएं, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएं और नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल से इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने बताया की सुरक्षा से जुड़ा यह एक गंभीर मुद्दा है मैं पुलिस व संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस मामले पर चर्चा करूँगा और यहा से होने वाली अवैध गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने की दिशा में काम किया जाएगा ताकि सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की कोई चूक ना हो !


