पाँवटा साहिब, 1 फ़रवरी (न्यूज़डे नेटवर्क): लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज अपनी पत्नी के साथ शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पशमी गाँव में विराजमान छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन किए। उनके आगमन पर मंदिर समिति और स्थानीय लोगों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दर्शन के उपरांत मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि महासू महाराज में उनकी गहरी आस्था है और जनकल्याण व प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए उन्होंने आशीर्वाद लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दौरा धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है, लेकिन आने वाले समय में वे स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री हर्षवर्धन चौहान के साथ शिलाई क्षेत्र का विस्तृत दौरा करेंगे, जिसमें विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और सड़क, शिक्षा, खेल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विक्रमादित्य ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का इस क्षेत्र के साथ जुड़ाव रहा है और वह भी हमेंशा शिलाई के लोगो के साथ खड़े हैं तथा प्रदेश सरकार दूरदराज़ और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शिलाई क्षेत्र की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी अपेक्षाएं रखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में सड़क नेटवर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की मांग की।


