पांवटा साहिब, 27 मार्च (कपिल शर्मा): चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नवमी के दिन पांवटा अस्पताल में भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन को अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ द्वारा मिलकर संपन्न किया गया, जिसमें श्रद्धा और सेवा भाव का सुंदर संगम देखने को मिला।
भंडारे में खीर, पूड़ी, हलवा सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्पताल परिसर में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रही।
इस अवसर पर अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुधि और डॉ. एवी राघव ने बताया कि नवमी के दिन मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा दोपहर 12 बजे शुरू हुआ और देर शाम तक चलता रहा। भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने भी श्रद्धापूर्वक भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा पांवटा साहिब के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी इस आयोजन में शामिल हुए।
डॉ. सुधि और डॉ. राघव ने बताया कि नवमी के इस पावन दिन पर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की गई। उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में अस्पताल के सभी डॉक्टरों और स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा।


