पांवटा साहिब: महिलाओं को अब हिम बस कार्ड बनवाने के लिए नाहन के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पांवटा बस स्टैंड में ही बस कार्ड मिलने शुरू हो गए हैं, जिससे क्षेत्र की मातृशक्ति को बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान ने प्रेस बयान जारी कर प्रदेश के परिवहन मंत्री और प्रबंधक निर्देशक परिवहन विभाग निपुण जिंदल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर की महिलाओं को पहले कार्ड बनवाने के लिए नाहन जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती थी। मीडिया के माध्यम से परिवहन मंत्री से आग्रह करने के बाद अब इस समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने बताया कि अब महिलाएं लोक मित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर अपना हिम बस कार्ड घर पर या पांवटा बस अड्डे से प्राप्त कर सकती हैं। इससे पांवटा और शिलाई विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रदीप चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में कई जनहितकारी कार्य हुए हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि इसके बावजूद प्रदेश सरकार जनता को सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब पांवटा साहिब की महिलाओं को बस कार्ड के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा सुविधा आपके अपने शहर में उपलब्ध है।


