पांवटा साहिब, 8 अप्रैल (कपिल शर्मा): तहसील पांवटा साहिब के अंतर्गत ग्राम किशनपुरा में एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी मानी जा रही है। सुबह करीब 4:30 बजे की है। फार्म में मौजूद कर्मचारियों ने सबसे पहले आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब 2 से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और फार्म को भारी नुकसान पहुंच चुका था। पोल्ट्री फार्म के संचालक शेखर गुप्ता ने बताया कि आग की इस घटना में फार्म का पूरा शेड जलकर राख हो गया। इसके साथ ही जाल, पाइपलाइन और अन्य उपकरण भी पूरी तरह नष्ट हो गए। संचालक ने आग में लगभग 4 से 5 हजार मुर्गियों के जलकर मरने की बात कही है। इस हादसे से फार्म संचालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि कर्मचारियों ने समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नुकसान को सीमित नहीं किया जा सका। पुलिस के अनुसार आग लगने की शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है!


