पुलिस थाना सदर नाहन ने 31 मार्च 2026 को दर्ज अभियोग संख्या 47/26 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की गहन जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें सीएचसी हरिपुरधार में तैनात चिकित्सक डॉ. आदित्य शर्मा की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को स्कूटी (HP 18B 0444) पर नारायणगढ़ भेजकर 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन मंगवाई थी। जांच में डिजिटल लेनदेन और व्हाट्सएप चैट जैसे अहम साक्ष्य मिले हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चिकित्सक वर्ष 2020 से नशे का आदी है और दिन में कई बार इंजेक्शन के माध्यम से नशा करता था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह खेप हरियाणा के विक्की नामक व्यक्ति से खरीदी गई थी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया है। वहीं, आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा को गहन जांच के लिए एसएफएसएल (स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैब) भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।


