पांवटा साहिब: पांवटा साहिब से सटे कुल्हाल क्षेत्र में अवैध मांस मिलने की सूचना के बाद शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही काफी संख्या में गौ रक्षक और बजरंग दल के कार्यकर्ता कुल्हाल चौकी पर एकत्रित हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने पारदर्शिता बरतते हुए पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया और बरामद मांस के नमूने लेकर सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी कराई, ताकि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा सके। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के दौरान दो व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए अभियुक्तों की पहचान आजाद पुत्र वहीद निवासी कुंजा ग्रांट तथा आमिर पुत्र इकबाल निवासी कुंजा ग्रांट के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


