पांवटा साहिब (न्यूज़डे नेटवर्क ): जिला सिरमौर में पुलिस ने नशा, अवैध शराब और जुए के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है। पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने बातामंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फिरोज आलम निवासी गांव करोंदी, डाकघर मुसैल, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1396 नशीले कैप्सूल बरामद किए। इस संबंध में दिनांक 29 जनवरी 2026 को पुलिस थाना पांवटा साहिब में धारा 22-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपी का माननीय अदालत से पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया जा रहा है।
वहीं पुलिस थाना माजरा की टीम ने गश्त के दौरान अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लीटर नाजायज शराब बरामद की। आरोपी की पहचान दलीप सिंह निवासी गांव रामपुर माजरी, डाकघर धौलाकुआ, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी राजू निवासी गांव किलौड, डाकघर बढाणा, तहसील पांवटा साहिब के कब्जे से 1060 रुपये नकद और सट्टा पर्ची बरामद की गई। इस संबंध में दिनांक 29 जनवरी 2026 को पुलिस थाना पुरूवाला में धारा 13A-3-67 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा, अवैध शराब और जुए के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


